अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉
बिंदुखत्ता के एडवोकेट प्रदीप लोहनी बने उच्च न्यायालय में सहायक शासकीय अधिवक्ता, शासन ने दी पदोन्नति
लालकुआं।
उत्तराखंड शासन द्वारा जारी ताज़ा अधिसूचना में बिंदुखत्ता क्षेत्र के लिए गर्व का विषय सामने आया है। बिंदुखत्ता निवासी एडवोकेट प्रदीप लोहनी को पदोन्नत करते हुए उच्च न्यायालय नैनीताल में सहायक शासकीय अधिवक्ता के महत्वपूर्ण पद पर नियुक्त किया गया है।

न्याय अनुभाग के प्रमुख सचिव अमित कुमार सिरोही द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि उत्तराखण्ड वादकारिता नीति-2011 के अंतर्गत तथा उच्चतम न्यायालय एवं उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय में राज्य की ओर से प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधि अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
इसी क्रम में, उच्च न्यायालय नैनीताल में पहले से बतौर विधि अधिकारी (वाद धारक) सेवाएं दे रहे एडवोकेट प्रदीप लोहनी को उनकी कार्यकुशलता, अनुभव एवं बेहतर प्रदर्शन के आधार पर पदोन्नति प्रदान की गई है। उन्हें तत्काल प्रभाव से यह नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगी।
इस उपलब्धि से बिंदुखत्ता एवं लालकुआं क्षेत्र में खुशी की लहर है।
स्थानीय लोगों, अधिवक्ताओं एवं सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात बताया है। लोगों का कहना है कि उनकी नियुक्ति से न केवल क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है, बल्कि न्यायिक कार्यों में भी राज्य को मजबूत प्रतिनिधित्व मिलेगा।







