अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी
फब्तियों से भड़का विवाद, 50 से ज्यादा युवकों में संघर्ष
युवतियों पर कमेंट के बाद दो गुट आमने-सामने, हेलमेट-डंडों से मारपीट; पुलिस पहुंची तो भागे युवक, स्कॉर्पियो चालक ने पुलिसकर्मियों को भी कुचलने का किया प्रयास
हल्द्वानी। एमबीपीजी कॉलेज में चुनाव प्रचार के दौरान युवतियों पर कथित तौर पर फब्तियां कसने और कमेंट करने को लेकर बुधवार रात हल्द्वानी में युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। पंचक्की चौराहे से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते दुर्गा सिटी सेंटर स्थित जगदंबा नगर तक पहुंच गया। यहां दोनों पक्षों के 50 से अधिक युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। हेलमेट और डंडों से एक-दूसरे पर हमला किया गया, जिससे कई युवकों के सिर में चोटें आने की बात सामने आई है। पुलिस के पहुंचते ही दोनों पक्षों के युवक मौके से भाग निकले।
बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर एमबीपीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव प्रचार के दौरान कॉलेज परिसर के बाहर कुछ युवतियों पर एक युवक ने कथित तौर पर कमेंट कर दिया था। युवतियों ने इसकी जानकारी अपने साथियों को दी। इसके बाद रात में पंचक्की चौराहे के पास संबंधित युवकों को दूसरे पक्ष ने रोक लिया। कहासुनी और गालीगलौज के बाद मामला मारपीट में बदल गया।
विवाद बढ़ने के साथ दोनों पक्ष दुर्गा सिटी सेंटर स्थित जगदंबा नगर तक पहुंच गए। यहां बड़ी संख्या में युवक आमने-सामने आ गए और काफी देर तक मारपीट होती रही। वायरल वीडियो में युवकों के बीच हाथापाई और एक-दूसरे पर हेलमेट व डंडों से हमला करते हुए दृश्य सामने आए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
वीडियो से अराजक तत्वों की पहचान
पुलिस के पहुंचते ही युवक मौके से तितर-बितर हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज को जांच का आधार बनाया है। पुलिस दोनों पक्षों से जुड़े युवकों की पहचान करने में जुटी है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्ष छात्रसंघ से जुड़े हैं।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर अराजकता करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। पहचान होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस को भी नहीं बख्शा, स्कॉर्पियो चालक ने चढ़ाने का किया प्रयास
इसी रात दुर्गा सिटी सेंटर के पास चेकिंग के दौरान एक स्कॉर्पियो चालक ने पुलिसकर्मियों को ही निशाना बनाने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने वाहन को रोकने का प्रयास किया तो चालक तेज रफ्तार में बैरियर के किनारे से वाहन निकालकर भागने लगा। इस दौरान वाहन पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ा तो उन्होंने कूदकर अपनी जान बचाई।
मंगल पड़ाव चौकी प्रभारी दीपक कार्की समेत अन्य पुलिसकर्मी उस समय चेकिंग कर रहे थे। घटना के बाद पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक की तलाश शुरू कर दी है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

