अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
कैंची धाम जा रहे यूपी के पर्यटकों को युवक ने बनाया शिकार, मोबाइल-नकदी और चांदी की चेन लूटकर कमरे में किया बंद
नैनीताल। कैंची धाम दर्शन के लिए उत्तर प्रदेश से नैनीताल पहुंचे चार पर्यटक उस समय ठगी और लूट का शिकार हो गए, जब ट्रेन में हुई एक युवक से दोस्ती उन्हें भारी पड़ गई। युवक ने खुद को दीपक बताते हुए पर्यटकों से दोस्ती की और उनके साथ नैनीताल पहुंच गया। रात में चारों के सोने के बाद आरोपी उनके मोबाइल, नकदी और चांदी की चेन लेकर कमरे को बाहर से बंद कर फरार हो गया। सुबह कमरे का दरवाजा बंद मिलने पर पर्यटकों में हड़कंप मच गया। पीड़ितों ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
ट्रेन में हुई दोस्ती, नैनीताल तक साथ आया युवक
हसनपुरी शामली, उत्तर प्रदेश निवासी शिवम कुमार अपने दोस्तों मुकुल सैनी, चंकी कुमार और चेतन कुमार के साथ कैंची धाम दर्शन के लिए ट्रेन से निकले थे। मुरादाबाद के पास ट्रेन में एक युवक सवार हुआ। बातचीत के दौरान उसने अपना नाम दीपक बताया और कैंची धाम दर्शन के लिए जाने की बात कही। बातचीत बढ़ी तो युवक की चारों पर्यटकों से दोस्ती हो गई।
काठगोदाम पहुंचने के बाद पांचों एक साथ नैनीताल आ गए। यहां सभी ने एक कमरा किराए पर लिया। पर्यटकों ने सुबह कैंची धाम जाने की योजना बनाई और रात में सो गए।
सोते रह गए पर्यटक, सामान समेटकर भागा युवक
बताया गया कि रात करीब एक बजे चारों पर्यटक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान युवक ने कथित रूप से उनके चारों मोबाइल फोन, मोबाइल कवर में रखे करीब 3,500 रुपये, बैग में रखी करीब 10 हजार रुपये की नकदी और चांदी की चेन निकाल ली। इसके बाद वह कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर फरार हो गया।
सुबह जब पर्यटकों की नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी दरवाजा नहीं खुला। इसके बाद होटल कर्मियों को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया। सामान की जांच करने पर मोबाइल, नकदी और चांदी की चेन गायब मिली। इसके बाद पर्यटकों ने होटल कर्मियों से युवक के बारे में जानकारी ली, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
पीड़ित पर्यटकों ने तल्लीताल थाने में तहरीर देकर युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मामले में फिलहाल जांच की जा रही है। पुलिस युवक की पहचान और उसके ठिकाने का पता लगाने के प्रयास कर रही है।

