अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी बोले— “छवि खराब करने की साजिश”, कार्यालय विवाद ने पकड़ा तूल |
लालकुआं (नैनीताल)। नगर पंचायत लालकुआं में हुआ कथित अभद्रता और सरकारी कार्य में बाधा का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। यह विवाद अब केवल स्थानीय स्तर तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं का केंद्र बन गया है। नगर पंचायत अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह लोटनी ने बोर्ड सदस्यों के साथ प्रेस वार्ता कर पूरे घटनाक्रम पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की।
अध्यक्ष लोटनी ने घटना को सरकारी व्यवस्था पर सीधा हमला बताते हुए कहा कि आजाद नगर वार्ड नंबर-4 के कुछ लोग नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे और वहां चल रहे कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए अभद्र भाषा का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने कार्यालय की मर्यादा बनाए रखने की अपील की, तो उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हालांकि, अध्यक्ष के अनुसार मामला यहीं समाप्त नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में मुख्य बाजार क्षेत्र में भी संबंधित लोगों द्वारा हंगामा, गाली-गलौज और मारपीट की घटनाएं सामने आईं, जिससे शहर का माहौल और बिगड़ गया।
प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष लोटनी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे प्रकरण को तोड़-मरोड़ कर उनकी छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है। उन्होंने दावा किया कि इसी मकसद से उनके खिलाफ झूठा मुकदमा भी दर्ज कराया गया है। उन्होंने इसे नगर पंचायत जैसी संवैधानिक संस्था की गरिमा पर हमला बताया।
अध्यक्ष ने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति सरकारी कार्यालयों की गरिमा को ठेस पहुंचाने का साहस न कर सके।

इस दौरान सभासद धन सिंह बिष्ट, योगेश उपाध्याय, भुवन पांडे तथा पूर्व सभासद हेमंत पांडे और कुंदन आर्या ने भी घटना की कड़ी निंदा करते हुए अध्यक्ष के समर्थन में एकजुटता दिखाई और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
फिलहाल यह मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है और आमजन की नजरें अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
