अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 काशीपुर 👉
एसएसपी अजय गणपति का सख्त एक्शन: बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले 12 मकान मालिकों पर गिरी गाज, 1.20 लाख का जुर्माना; एसपी अभय सिंह ने दी चेतावनी
काशीपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देश पर जनपद ऊधम सिंह नगर में अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से काशीपुर पुलिस ने व्यापक किरायेदार सत्यापन अभियान चलाया। अभियान के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के किरायेदार रखने वाले 12 मकान मालिकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रत्येक पर 10-10 हजार रुपये का चालान किया गया। इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
एसएसपी अजय गणपति ने सभी थाना प्रभारियों को किरायेदार, घरेलू नौकर और बाहरी व्यक्तियों के सत्यापन अभियान को लगातार चलाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अभय सिंह के नेतृत्व में काशीपुर पुलिस ने विभिन्न क्षेत्रों में सघन सत्यापन अभियान चलाया।

जांच के दौरान 12 ऐसे मकान मालिक मिले जिन्होंने अपने किरायेदारों का पुलिस सत्यापन नहीं कराया था। पुलिस ने सभी के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 10-10 हजार रुपये के चालान किए। कुल 1.20 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सत्यापन अभियान लगातार जारी रहेगा। बिना सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराए पर रखना गंभीर लापरवाही है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं एसपी अभय सिंह ने आमजन से अपील की कि बिना पुलिस सत्यापन किसी भी व्यक्ति को किराए पर न रखें। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस या डायल 112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमों की अनदेखी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
