ग्राफिक एरा हल्द्वानी में छात्रों को मिले करियर, सरकारी नौकरी और स्वरोजगार के टिप्स

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉

ग्राफिक एरा हल्द्वानी में छात्रों को मिले करियर, सरकारी नौकरी और स्वरोजगार के टिप्स

‘थिंक बियॉन्ड होटल्स’ अतिथि व्याख्यान में पारंपरिक होटल उद्योग से आगे करियर की संभावनाओं पर चर्चा, बेवरेज मास्टरक्लास में सीखी आधुनिक तकनीकें

हल्द्वानी। ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर के हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट विभाग की ओर से ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स: करियर, सरकारी अवसर और उद्यमिता’ विषय पर विशेष अतिथि व्याख्यान का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के कॉन्फ्लुएंस हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को होटल उद्योग से आगे करियर के नए विकल्पों, सरकारी क्षेत्र में रोजगार की संभावनाओं और स्वरोजगार के अवसरों से परिचित कराना रहा।

1007438021_cropped.webp

 

कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के राज्य संपत्ति विभाग के व्यवस्थापक अधिकारी चन्द्र शेखर लिंगवाल मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि हॉस्पिटैलिटी के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए पारंपरिक सोच से आगे बढ़ना जरूरी है। उन्होंने सरकारी विभागों में उपलब्ध रोजगार अवसरों, प्रशासनिक जिम्मेदारियों तथा अपना व्यवसाय शुरू करने की रणनीतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानकर नए अवसरों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

1007438026_cropped.webp

 

कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रसिद्ध ब्रांड मैथ्यू टेसेरे (Mathieu Teisseire) और पंकज ढोबाल ने विशेष ‘बेवरेज मास्टरक्लास’ का संचालन किया। इसमें विद्यार्थियों ने आधुनिक मिक्सोलॉजी और पेय पदार्थ तैयार करने की तकनीकों की जानकारी प्राप्त की। वहीं, जीवन भट्ट के नेतृत्व में ‘हिम्मालेह स्पिरिट्स’ (Himmaleh Spirits) की ओर से ब्रांड ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को बेवरेज उद्योग, ब्रांड प्रबंधन और व्यावसायिक कार्यप्रणाली के व्यावहारिक पहलुओं से रूबरू कराया गया।

इस अवसर पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, हल्द्वानी परिसर के निदेशक डॉ. एम.सी. लोहानी ने कहा कि हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट का क्षेत्र अब केवल होटलों तक सीमित नहीं है, बल्कि क्रूज, एयरलाइंस, इवेंट मैनेजमेंट, सरकारी संस्थानों और उद्यमिता जैसे अनेक क्षेत्रों में करियर के अवसर उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि ग्राफिक एरा का उद्देश्य विद्यार्थियों को अकादमिक शिक्षा के साथ उद्योग की वास्तविक जरूरतों, नेतृत्व क्षमता और भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।

डॉ. लोहानी के अनुसार, अनुभवी अधिकारियों और उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन विद्यार्थियों को नई दिशा देने के साथ उन्हें सरकारी क्षेत्र में अवसर तलाशने और सफल उद्यमी बनने के लिए प्रोत्साहित करता है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और चन्द्र शेखर लिंगवाल से करियर एवं भविष्य की संभावनाओं से जुड़े सवाल पूछे। अतिथि ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें व्यावहारिक सुझाव दिए। अंत में अतिथि के प्रति आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में हॉस्पिटैलिटी और मैनेजमेंट विभाग के प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।