अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में भाजपा की भव्य तिरंगा यात्रा, लालकुआँ में गूंजा राष्ट्रभक्ति का संदेश
लालकुआँ। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से लालकुआँ में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र कोश्यारी के नेतृत्व में निकली यह यात्रा वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार गुरदीप सिंह के निवास से शुरू हुई और पूरे लालकुआँ शहर में भ्रमण करने के बाद वापस उन्हीं के निवास पर पहुंचकर संपन्न हुई।
तिरंगा यात्रा में लालकुआँ विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, पूर्व विधायक नवीन दुम्का, भाजपा प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र कोश्यारी, वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार गुरदीप सिंह, बॉबी संभल, संजय अरोड़ा, रोहन प्रकाश, हरीश नैनवाल, अरुण जोशी, नारायण बिष्ट और धीरज संजीव शर्मा सहित भाजपा के मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए।

यात्रा में क्षेत्र के स्कूली बच्चों, युवाओं, महिलाओं और छोटे-छोटे बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। हाथों में तिरंगा लेकर निकले स्कूली बच्चों के उत्साह ने पूरे माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से लालकुआँ शहर गूंज उठा।
वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार गुरदीप सिंह के निवास से शुरू हुई तिरंगा यात्रा शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया। पूरे लालकुआँ शहर का भ्रमण करने के बाद यात्रा पुनः सरदार गुरदीप सिंह के निवास पर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा दीपेंद्र कोश्यारी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों के बलिदान को याद करने और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग अपने घर, प्रतिष्ठान एवं कार्यालय पर तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपने गौरव और सम्मान को व्यक्त करें।
उन्होंने कहा कि “हर घर तिरंगा और हर दिल तिरंगा” का संदेश जन-जन तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
तिरंगा यात्रा में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, महिलाओं, युवाओं और स्कूली बच्चों की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने आयोजन को भव्य बना दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान लालकुआँ में राष्ट्रप्रेम, एकता और देशभक्ति का माहौल देखने को मिला। 🇮🇳

