लालकुआ पति की बेरहमी के बाद पत्नी ने निगला जहरीला पदार्थ, बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार; तीन बच्चों की मां की हालत गंभीर

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
पति की बेरहमी के बाद पत्नी ने निगला जहरीला पदार्थ, बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार; तीन बच्चों की मां की हालत गंभीर
लालकुआं। नगर से सटे सांपकठानी खत्ता क्षेत्र में घरेलू विवाद के दौरान एक महिला के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट और उसके बाद जहरीले पदार्थ के सेवन का मामला सामने आया है। गंभीर हालत में महिला को ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय रेफर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सांपकठानी खत्ता निवासी लक्ष्मी देवी (25) अपने मायके आई हुई थी। आरोप है कि उसके पति रविंद्र कश्यप ने उसके साथ लाठी-डंडों से बुरी तरह मारपीट की। मारपीट के बाद लक्ष्मी ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर पति कथित तौर पर उसे बेहोशी की हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गया।
महिला की हालत गंभीर देखकर आसपास के ग्रामीणों ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लालकुआं पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। 108 एंबुलेंस की मदद से महिला को हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय भेजा गया।
ग्रामीणों के अनुसार लक्ष्मी का मायका सांपकठानी खत्ता में है, जबकि उसकी ससुराल रामपुर में बताई जा रही है। महिला के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि उसका पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। महिला के जहरीला पदार्थ खाने की वास्तविक वजह और मारपीट के आरोपों की स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!