भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष की बढ़ीं मुश्किलें, देहरादून की महिला ने लगाए शोषण और ठगी के गंभीर आरोप

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 

 

 

 

 

भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष की बढ़ीं मुश्किलें, देहरादून की महिला ने लगाए शोषण और ठगी के गंभीर आरोप

नैनीताल। भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। यौन शोषण और गर्भपात के आरोपों से जुड़े पॉक्सो मामले में जेल में बंद नरेश पांडे के खिलाफ अब देहरादून की एक महिला ने भी गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने शारीरिक शोषण के साथ करीब 18 तोले सोने के आभूषण ठगने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर मल्लीताल कोतवाली पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर मामला देहरादून पुलिस को हस्तांतरित कर दिया है।

देहरादून निवासी महिला ने मल्लीताल कोतवाली पहुंचकर पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह देहरादून के एक मॉल में काम करती थी। इसी दौरान नरेश पांडे अपने अंगरक्षकों के साथ वहां खरीदारी के लिए आता था। महिला के अनुसार, इसी दौरान दोनों की जान-पहचान हुई। उसने नरेश पांडे से बेहतर नौकरी दिलाने की बात कही तो कथित तौर पर उसने देहरादून स्थित अपने रिजार्ट में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

महिला का आरोप है कि कुछ दिनों तक बातचीत के बाद नरेश पांडे ने उसे एक होटल में बुलाया और वहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। जब उसने नौकरी को लेकर बात की तो रिजार्ट का निर्माण कार्य चलने की बात कहकर उसे टाल दिया गया।

शिकायत में महिला ने आगे आरोप लगाया कि नरेश पांडे ने उसे बताया कि वह सोना गिरवी रखने का कारोबार करता है और सोने के बदले हर महीने रकम देने का प्रलोभन दिया। आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण महिला ने शादी के बाद खरीदे गए करीब 18 तोले सोने के गहने उसे सौंप दिए।

महिला का आरोप है कि आभूषण लेने के बाद न तो उसे कोई नौकरी दिलाई गई और न ही हर महीने कोई रकम दी गई। कुछ समय बाद नरेश पांडे ने उसका फोन उठाना भी बंद कर दिया। महिला के अनुसार, करीब दो माह पहले नरेश पांडे ने खुद फोन कर उसके गहने वापस करने की बात कही थी, लेकिन इसी बीच उसके खिलाफ चल रहे मामलों और गिरफ्तारी की खबरें सोशल मीडिया व समाचार पत्रों में सामने आने लगीं।

महिला का कहना है कि इन खबरों के बाद उसे पुलिस के पास पहुंचकर शिकायत करने का साहस मिला। उसने पुलिस से पूरे मामले की जांच कर अपने गहने वापस दिलाने और आरोपों के आधार पर कार्रवाई की मांग की है।

कोतवाल राजेंद्र सिंह रावत ने बताया कि महिला की शिकायत पर नरेश पांडे के खिलाफ बीएनएस की धारा 64 और 351 के तहत जीरो एफआईआर दर्ज की गई है। चूंकि शिकायत में घटना का स्थान देहरादून बताया गया है, इसलिए मामला संबंधित राजपुर थाना पुलिस को जांच एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए हस्तांतरित कर दिया गया है।

मामले में पुलिस अब महिला के लगाए आरोपों, कथित लेनदेन और सोने के आभूषणों से जुड़े तथ्यों की जांच करेगी। नरेश पांडे पर लगाए गए ये आरोप फिलहाल शिकायतकर्ता के आरोप हैं; इनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

error: Content is protected !!