बाबा वीरेंद्र पुरी ने उठाई जनहित की आवाज, हल्दूचौड़-बिंदुखत्ता समेत पांच प्रमुख मांगों को लेकर सरकार से अपील

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
बाबा वीरेंद्र पुरी ने उठाई जनहित की आवाज, हल्दूचौड़-बिंदुखत्ता समेत पांच प्रमुख मांगों को लेकर सरकार से अपील
हल्दूचौड़। उत्तराखंड देवभूमि पार्टी के संस्थापक एवं अध्यक्ष बाबा वीरेंद्र पुरी महाराज ने जनहित से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर सरकार से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पार्टी की ओर से जारी अपील में महंगाई, पेंशन व्यवस्था, बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने, नशामुक्त प्रदेश और भूमिहीनों को भूमि उपलब्ध कराने समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए गए हैं।
बाबा वीरेंद्र पुरी महाराज ने कहा कि पार्टी जनहित में लंबे समय से आवाज उठाती रही है और क्षेत्र की समस्याओं का समाधान कराने के लिए सरकार का ध्यान लगातार आकर्षित किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के नाम उपजिलाधिकारी के माध्यम से भेजे ज्ञापन में अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष एवं महामंडलेश्वर को प्रदेश व केंद्र में मंत्री पद देने अथवा परिषद को संवैधानिक दर्जा देने की मांग रखी है।

ज्ञापन में चारों मठों के शंकराचार्यों को समान अनुरूप पेंशन देने तथा संत-महात्माओं एवं साधु-संतों के लिए देशभर में पेंशन व्यवस्था लागू करने की मांग भी की गई है। इसके अलावा देश के सभी 13 तेरह अखाड़ा परिषदों के प्रतिनिधियों को केंद्र सरकार और राज्य सरकार की विभिन्न समितियों में प्रतिनिधित्व दिए जाने की मांग उठाई गई है।
पार्टी ने सरकारी कर्मचारियों के लिए वर्ष 2004 से बंद की गई पुरानी पेंशन व्यवस्था को पुनः लागू करने और व्यवस्था को प्रभावी बनाने की मांग की है। ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि वर्तमान पेंशन व्यवस्था में सरकार की ओर से किए गए खर्च को कम करने के बजाय पुरानी व्यवस्था को बहाल किया जाना चाहिए।
महंगाई के मुद्दे पर पार्टी ने आम जनता को राहत देने के लिए आवश्यक उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों पर रोक लगाने की मांग की। साथ ही मोबाइल फोन को आम आदमी की आवश्यक जरूरतों में शामिल किए जाने का हवाला देते हुए बढ़ती कीमतों पर नियंत्रण की मांग भी उठाई गई।
बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम बनाने की मांग
बाबा वीरेंद्र पुरी महाराज ने बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित कर ग्राम पंचायत के चुनाव कराने की मांग को भी प्रमुखता से उठाया है। इसके साथ ही पूरे प्रदेश और देश को नशामुक्त बनाने तथा युवा पीढ़ी को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की गई है।
ज्ञापन में वर्गीकरण, वनभूमि, नजूल भूमि, खाम लैंड और 30 वर्षों से खेतों में बसे लोगों तथा भूमिहीन परिवारों को भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी शामिल है।
इसके साथ ही हल्दूचौड़ स्थित प्राचीन शिव मंदिर, श्री सिद्ध बाबा आश्रम और बरेली रोड क्षेत्र की भूमि को लेकर भी गंभीर आरोप लगाते हुए संरक्षण की मांग की गई है। अपील में कहा गया है कि यह भूमि धार्मिक एवं पारिवारिक महत्व से जुड़ी है तथा कथित भू-माफिया द्वारा मंदिर और आश्रम की भूमि पर कब्जे के प्रयास किए जा रहे हैं। पार्टी ने प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
उत्तराखंड देवभूमि पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमान सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष सेवा पुरी, कोषाध्यक्ष बालकृष्ण पांडे, कुमाऊं मंडल अध्यक्ष अमित गुप्ता सहित पदाधिकारियों ने सरकार से जनहित की इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो जनहित में शांतिपूर्ण आंदोलन और धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

error: Content is protected !!