अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 डीएम ललित मोहन रयाल के निर्देश पर बुजुर्गों के लिए आधार सेवा शिविर, बेडरिडन महिला को मिली बड़ी राहत
हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर आश्रम सेवा समिति, हल्द्वानी में बुजुर्ग नागरिकों की सुविधा के लिए आधार कार्ड अपडेट एवं नवीन पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजनों के आधार कार्ड में जरूरी संशोधन किए गए तथा पात्र बुजुर्गों के नए आधार कार्ड भी बनाए गए।

प्रशासन की संवेदनशील पहल के तहत सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती एक बेडरिडन बुजुर्ग महिला को भी बड़ी राहत मिली। महिला के आधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट न होने के कारण उन्हें सरकारी सेवाओं से जुड़ी ओटीपी संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। जानकारी मिलते ही प्रशासन की टीम अस्पताल पहुंची और महिला का मोबाइल नंबर सफलतापूर्वक अपडेट कराया गया, जिससे उन्हें तुरंत राहत मिली।
शिविर के दौरान चार बुजुर्गों के आधार कार्ड बनाए एवं अपडेट किए गए, जबकि अन्य बुजुर्गों की जांच प्रक्रिया जारी है। कई वृद्धजनों के पास आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध न होने के कारण उनकी प्रक्रिया फिलहाल लंबित है। प्रशासन द्वारा ऐसे लोगों की दस्तावेज जुटाने में भी सहायता की जा रही है।
ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर विकास शर्मा ने बताया कि बुजुर्गों, दिव्यांगों और बेडरिडन मरीजों को घर एवं अस्पताल पहुंचकर आधार संबंधी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
