अजय अनेजा 👉 संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
नैनीताल में LPG और ईंधन की आपूर्ति सुचारु, अफवाह फैलाने वालों और कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. का भरोसा—जिले में पर्याप्त स्टॉक, पैनिक बुकिंग न करें लोग
नैनीताल:
जनपद नैनीताल में एलपीजी सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच पुलिस और प्रशासन ने स्थिति पूरी तरह सामान्य बताते हुए जनता से घबराने की जरूरत नहीं होने की अपील की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन और एलपीजी की आपूर्ति पूरी तरह सुचारु है और पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि मध्य एशिया में जारी तनाव के मद्देनजर कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल की कमी की भ्रामक खबरें फैलाई जा रही हैं, जबकि शासन और प्रशासन ने इन खबरों का खंडन किया है। प्रदेश में दो से तीन सप्ताह से अधिक का एलपीजी स्टॉक उपलब्ध है और ऊधमसिंह नगर व हरिद्वार स्थित बड़े बॉटलिंग प्लांटों में लगातार उत्पादन जारी है। उत्तराखंड अपनी जरूरतों को पूरा करने के साथ अन्य राज्यों को भी आपूर्ति कर रहा है।
एसएसपी ने चेतावनी दी है कि यदि कोई डीलर या एजेंसी ब्लैक मार्केटिंग, जमाखोरी या ओवररेटिंग में लिप्त पाई जाती है तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की जाएगी। साथ ही ऐसे संचालकों की डीलरशिप भी निरस्त की जाएगी।
पुलिस और प्रशासन द्वारा जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। थानों और सर्कल स्तर पर क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया गया है, जिसमें तहसीलदार, एसडीएम और सीओ शामिल हैं। ये टीमें गैस एजेंसियों और ईंधन आपूर्ति की लगातार निगरानी कर रही हैं।
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर संपर्क किया जा सकता है।







