सावधान :फर्जी पहचान से रिश्तों का जाल? भीमताल में युवतियों से कथित शोषण व ब्लैकमेलिंग का मामला, आरोपी फरार

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 भीमताल में फर्जी पहचान से युवतियों को फंसाने का आरोप, पुलिस जांच तेज, आरोपी फरार
नैनीताल / भीमताल। जनपद के भीमताल क्षेत्र में फर्जी पहचान के जरिए युवतियों को प्रेमजाल में फंसाने, आर्थिक व मानसिक शोषण करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के गंभीर आरोपों से जुड़ा मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के कमरे को सील कर दिया है, जबकि आरोपी फिलहाल फरार बताया जा रहा है। घटना को लेकर क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।


मिली जानकारी के अनुसार, मनोज भट्ट (भाजपा जिला मंत्री) द्वारा दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया है कि युवक ने खुद को ‘एमडी’ नाम से प्रस्तुत कर अपनी वास्तविक पहचान छिपाई और युवतियों से संपर्क साधा। बाद में उसकी पहचान ‘मोहम्मद यूनुस’ के रूप में सामने आने का दावा किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी गिटार बजाने, फोटोशूट और बर्ड वॉचिंग जैसे माध्यमों से युवतियों से मित्रता बढ़ाता था और फिर शादी का झांसा देकर उनसे नजदीकियां बनाता था।
लिव-इन और ब्लैकमेलिंग के आरोप
शिकायतकर्ता के अनुसार, आरोपी युवतियों पर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने का दबाव बनाता था। इस दौरान कथित रूप से उनके धार्मिक विश्वासों का अपमान किया गया और उन्हें अपने धार्मिक आचरण से रोका गया। आरोप है कि आरोपी ने युवतियों से महंगे उपहार मंगवाए और उनसे लगभग 17 से 35 लाख रुपये तक की रकम हासिल की।
इसके अलावा यह भी आशंका जताई गई है कि आरोपी के पास कई युवतियों के आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हो सकते हैं, जिनका इस्तेमाल वह कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग के लिए करता था।
पुलिस की कार्रवाई और बरामदगी
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के ठिकाने पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान कमरे से 6 से अधिक मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान बरामद होने की बात सामने आई है। साक्ष्य जुटाने के बाद कमरे को सील कर दिया गया है।
एसपी क्राइम जगदीश चंद्र ने बताया कि आरोपी के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
संगठनों का विरोध और अल्टीमेटम
मामले को लेकर रविवार को भारतीय जनता पार्टी पदाधिकारियों और विभिन्न संगठनों का प्रतिनिधिमंडल भीमताल कोतवाली पहुंचा और पुलिस को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए सोमवार सुबह 9 बजे तक का अल्टीमेटम दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय तक कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन किया जाएगा।
जांच जारी, पुलिस का बयान
पुलिस के अनुसार, मामले में औपचारिक मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है और सभी आरोपों की गहनता से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।
यह मामला क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा और सामाजिक संवेदनशीलता को लेकर चर्चा का विषय बना हुआ है।

 

error: Content is protected !!