अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉 बिन्दुखत्ता 👉 कुमाऊं 👉 लालकुआं
⚠️ सावधान: टस्कर हाथी का आतंक जारी — टेम्पो पर हमला, तीन बोरी गेहूं बर्बाद, लोग बाल-बाल बचे
लालकुआं। तराई क्षेत्र में इन दिनों टस्कर हाथी का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कोतवाली क्षेत्र के तराई केंद्रीय वन प्रभाग की टांडा रेंज के सांप पठानी खत्ते का है, जहां गेहूं से लदे एक टेम्पो पर अचानक हमलावर हाथी ने हमला बोल दिया। इस घटना में चालक सहित तीन लोग किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे, जबकि हाथी ने टेम्पो में लदी तीन बोरी गेहूं को नीचे गिराकर बर्बाद कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लालकुआं निवासी टेम्पो चालक बसीम खान गेहूं लादकर सांप पठानी खत्ते से लालकुआं की ओर आ रहा था। तभी झाड़ियों से अचानक निकले एक टस्कर हाथी ने टेम्पो पर हमला कर दिया। हाथी को सामने देख चालक और उसके साथ मौजूद दो अन्य लोग घबराकर तुरंत टेम्पो से कूद गए और जान बचाकर भाग खड़े हुए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाथी ने टेम्पो को रोककर उसमें लदी तीन बोरी गेहूं नीचे गिरा दी और उन्हें बुरी तरह रौंदकर नष्ट कर दिया। गनीमत रही कि इस हमले में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और टेम्पो चालक व स्थानीय खत्तावासियों से घटना की जानकारी ली। वन विभाग ने क्षेत्र में लगातार गश्त बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
गौरतलब है कि पिछले 72 घंटों के भीतर इसी क्षेत्र में हाथी के हमलों में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों देखने को मिल रहे हैं।
वन विभाग ने लाउडस्पीकर के माध्यम से क्षेत्र में मुनादी कर लोगों से जंगल की ओर न जाने की अपील की है। साथ ही शाम के समय विशेष सतर्कता बरतने और अकेले बाहर न निकलने की हिदायत दी गई है।
स्थिति बेहद गंभीर बनी हुई है, ऐसे में प्रशासन और वन विभाग से सख्त कार्रवाई व स्थायी समाधान की मांग तेज हो गई है।
