अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉 हाईवे का मौत वाला कट फिर बना हादसे की वजह
आईओसी डिपो के सामने डंपर से भिड़कर पलटा ऑटो, महिला समेत तीन घायल
NH-109 पर सर्विस रोड और स्ट्रीट लाइट गायब, हादसों पर आखिर क्यों खामोश जिला प्रशासन और एनएच विभाग?
लालकुआं। लालकुआं-हल्दूचौड़ हाईवे पर स्थित आईओसी डिपो के सामने बना खतरनाक कट एक बार फिर बड़े हादसे की वजह बन गया। बुधवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक ऑटो पलट गया, जिसमें महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार हल्द्वानी की ओर से आ रहा ऑटो जैसे ही आईओसी डिपो के सामने पहुंचा, तभी कट से मुड़ रहे डंपर से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें 108 एंबुलेंस की मदद से हल्द्वानी चिकित्सालय भेजा गया। घायल सभी लोग बिंदुखत्ता क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लालकुआं से हल्दूचौड़ तक का एनएच-109 लंबे समय से “मौत का हाईवे” बना हुआ है। आईओसी डिपो के सामने बना कट आए दिन दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है, लेकिन इसके बावजूद न तो एनएच विभाग कोई ठोस कदम उठा रहा है और न ही जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या को लेकर सक्रिय दिखाई दे रहा है।

क्षेत्रवासियों ने सवाल उठाया कि जब इस मार्ग पर लगातार हादसे हो रहे हैं और कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, तो आखिर जिला प्रशासन अब तक स्थायी समाधान क्यों नहीं करवा पाया? लोगों का आरोप है कि सर्विस रोड नहीं होने, डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट न लगाए जाने और भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण यह मार्ग जानलेवा बन चुका है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि टोल और टैक्स के नाम पर जनता से मोटी रकम वसूली जाती है, लेकिन सुरक्षा सुविधाओं के नाम पर हाईवे पर अंधेरा और अव्यवस्था पसरी हुई है। रात के समय स्ट्रीट लाइट न होने से हादसों का खतरा और बढ़ जाता है।
क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन और एनएच विभाग से तत्काल इस हाईवे पर सर्विस रोड, स्ट्रीट लाइट और सुरक्षित कट की व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह हाईवे आगे भी लोगों की जान लेता रहेगा।
