अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, एसओटीएफ व वनभूलपुरा पुलिस टीम ने महिला तस्कर को 39.58 ग्राम स्मैक के साथ दबोचा
हल्द्वानी। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी के “ड्रग्स फ्री उत्तराखण्ड” विज़न को साकार करने के लिए कुमाऊं पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कुमाऊं आईजी रिद्धिम अग्रवाल के निर्देशन में रेंज एसओटीएफ टीम एवं थाना वनभूलपुरा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक महिला तस्कर को भारी मात्रा में स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 14 मई 2026 को संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान राबिया पत्नी फहीम उर्फ बबलू निवासी अली मस्जिद के पास, नाले के पास बंद गली, थाना कोतवाली वनभूलपुरा को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान अभियुक्ता के कब्जे से कुल 39.58 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।
बरामदगी के आधार पर महिला अभियुक्ता के खिलाफ थाना वनभूलपुरा में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त पुलिस टीम में शामिल रहे —
• रेंज एसओटीएफ टीम
• उप निरीक्षक मनोज यादव
• कांस्टेबल दिलशाद अहमद
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशा तस्करी करने वालों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
आईजी कुमाऊं रिद्धिम अग्रवाल ने कहा कि “नशा मुक्त उत्तराखण्ड के संकल्प को पूरा करने हेतु पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मादक पदार्थों की तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।”
