अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 मुरादाबाद 👉 करिश्मा कुदरत का! महिला ने 5 दिन में दिया 4 बच्चों को जन्म, डॉक्टर भी रह गए हैरान
मुरादाबाद/संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जनपद से एक बेहद दुर्लभ और चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरत में डाल दिया। यहां 31 वर्षीय महिला अमीना ने महज पांच दिनों के भीतर चार बच्चों को जन्म देकर चिकित्सा जगत को भी आश्चर्य में डाल दिया। खास बात यह रही कि सभी डिलीवरी सामान्य प्रक्रिया से हुईं और मां समेत चारों नवजात फिलहाल डॉक्टरों की निगरानी में स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार संभल निवासी अमीना को प्रसव पीड़ा होने पर 8 मई को मुरादाबाद स्थित Teerthanker Mahaveer University में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों की टीम पहले से ही इस हाई रिस्क प्रेग्नेंसी पर नजर बनाए हुए थी, क्योंकि शुरुआती जांच और अल्ट्रासाउंड में यह साफ हो गया था कि महिला के गर्भ में चार बच्चे पल रहे हैं।
डॉक्टरों ने परिवार को फीटल रिडक्शन की सलाह दी थी, ताकि मां और बच्चों की जान को खतरा कम किया जा सके, लेकिन परिवार ने सभी बच्चों को जन्म देने का फैसला लिया।
9 मई को अमीना ने पहले बेटे को जन्म दिया, जिसका वजन मात्र 710 ग्राम था। बच्चे के जन्म के बाद मेडिकल स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने डिलीवरी प्रक्रिया को नियंत्रित कर रोक दिया। इसके बाद 14 मई को दोबारा प्रसव पीड़ा शुरू हुई, जिसमें अमीना ने एक बेटे और दो बेटियों को जन्म दिया।
डॉक्टरों के मुताबिक यह मामला बेहद दुर्लभ और चुनौतीपूर्ण था। गर्भावस्था के दौरान अमीना हाई ब्लड प्रेशर और लीवर संबंधी गंभीर समस्याओं से भी जूझ रही थीं। इसके बावजूद डॉक्टरों की सतर्क निगरानी और उपचार के चलते सफल डिलीवरी संभव हो सकी।
विशेषज्ञों का कहना है कि चारों बच्चे गर्भाशय में अलग-अलग थैलियों (सेपरेट सैक) में विकसित हो रहे थे, जो इस केस को और भी असाधारण बनाता है।
बच्चों के पिता मोहम्मद आलिम ने अस्पताल और डॉक्टरों की पूरी टीम का आभार जताते हुए कहा कि यह उनके परिवार के लिए किसी चमत्कार से कम नहीं है।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार फिलहाल मां और चारों नवजातों को विशेष निगरानी में रखा गया है और उनकी सेहत में लगातार सुधार हो रहा है। यह अनोखा मामला अब पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है।
बड़ी खबर महिला ने 5 दिन में दिया 4 बच्चों को जन्म, डॉक्टर भी रह गए हैरान करिश्मा कुदरत का!
