अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 एसएसपी अजय गणपति के “ऑपरेशन प्रहार” का असर, तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला ‘खरगोश’ गिरफ्तार
रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल हुए तलवार लहराने के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक पंकज कोली उर्फ कल्लू उर्फ ‘खरगोश’ को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया।
बताया जा रहा है कि 13 मई 2026 को रम्पुरा क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें एक युवक तलवार लहराकर मोहल्ले में दहशत फैलाता नजर आ रहा था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
जांच में सामने आया कि वार्ड नंबर 23 रम्पुरा में मामूली विवाद के बाद आरोपी युवक ने एक परिवार के लोगों को तलवार लेकर दौड़ाया और इलाके में भय का माहौल बना दिया। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। शिकायतकर्ता राम सेवक निवासी रम्पुरा की तहरीर पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम गठित की गई।
रविवार को सूचना मिलने पर पुलिस ने ब्लॉक रोड क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी पंकज कोली उर्फ खरगोश को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तलवार भी बरामद हुई है। पुलिस जांच में आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है और उसके खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रकाश दानू, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल जोशी, चौकी प्रभारी पंकज कुमार समेत कोतवाली रुद्रपुर की पुलिस टीम शामिल रही।
एसएसपी अजय गणपति ने साफ कहा कि जनपद में हथियारों के बल पर दहशत फैलाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
