अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 नैनीताल 👉
कैंचीधाम मेले की तैयारियों पर आईजी निवेदिता कुकरेती, डीएम ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी की पैनी नजर, आरटीओ गुरदेव सिंह समेत अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
कैंचीधाम। बाबा नीब करौरी महाराज के स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले कैंचीधाम मेले को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कुमाऊं आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने भवाली सैनिटोरियम बाईपास क्षेत्र, भीमताल खुटानी पार्किंग स्थल सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर यातायात व्यवस्था, पार्किंग, शटल सेवा और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं से व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। यातायात प्रबंधन, पेयजल, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
सीसीटीवी कैमरों से होगी मेले की निगरानी
कैंचीधाम मंदिर परिसर में स्थापित सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
आईजी कुमाऊं निवेदिता कुकरेती और एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, यातायात सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, उप जिलाधिकारी नवाजिश खलीक, एसडीएम धारी अनुराग आर्य, आरटीओ गुरदेव सिंह, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
