एसएसपी अजय गणपति की दो टूक: नशेड़ी पुलिसकर्मियों की खैर नहीं, अनुशासन तोड़ा तो होगी सख्त कार्रवाई:देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
एसएसपी अजय गणपति का सख्त संदेश: नशे में ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों पर होगी बर्खास्तगी तक की कार्रवाई
रुद्रपुर। पुलिस बल में अनुशासन, ईमानदारी और पेशेवर कार्यशैली को मजबूत करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधमसिंहनगर अजय गणपति ने पुलिसकर्मियों को सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि ड्यूटी के दौरान शराब अथवा किसी भी प्रकार के नशे का सेवन, लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे मामलों में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई करते हुए बर्खास्तगी तक की कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन रुद्रपुर में आयोजित साप्ताहिक परेड के दौरान एसएसपी अजय गणपति ने परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों की शारीरिक फिटनेस, टर्नआउट, अनुशासन और कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि पुलिस विभाग में अनुशासन सर्वोपरि है और प्रत्येक पुलिसकर्मी को वर्दी की गरिमा बनाए रखते हुए जनता की सुरक्षा और सेवा को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने बाहरी ड्यूटियों पर तैनात पुलिसकर्मियों को भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।
अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
एसएसपी अजय गणपति ने अधिकारियों और कर्मचारियों को अपराधियों, माफियाओं एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी और परिणामदायी कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
फिटनेस और प्रशिक्षण पर जोर
साप्ताहिक परेड के दौरान पुलिसकर्मियों की शारीरिक दक्षता का भी परीक्षण किया गया। एसएसपी ने कहा कि मानसिक और शारीरिक रूप से फिट पुलिसकर्मी ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर ढंग से अपनी जिम्मेदारी निभा सकता है। उन्होंने नियमित व्यायाम, परेड और प्रशिक्षण को पुलिसकर्मियों की दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि अनुशासित, फिट और कर्तव्यनिष्ठ पुलिस बल ही जनता के विश्वास पर खरा उतर सकता है और कानून व्यवस्था को प्रभावी ढंग से बनाए रख सकता है।

error: Content is protected !!