अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा: नकली नोटों का खेल खत्म, 50 हजार की जाली करेंसी के साथ तीन गिरफ्तार
हरिद्वार। बाजार में नकली नोट खपाने वाले गिरोह का हरिद्वार पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 50 हजार रुपये के जाली नोट समेत नकली करेंसी तैयार करने के उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, कुछ दिन पहले 52,500 रुपये के नकली नोट बरामद होने के मामले की जांच के दौरान गिरोह का खुलासा हुआ। मंगलवार को सूचना मिली कि गिरोह के सदस्य तैयार नकली नोटों को बिजनौर क्षेत्र में चलाने की फिराक में हैं।
सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लालढांग तिराहे के पास घेराबंदी कर एक कार को रोककर तीन आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवेन्द्र कुमार निवासी सरदारपुर छामली (बिजनौर), गुलजार निवासी टांडा सिक्कावाला (बिजनौर) और शगुन जोशी निवासी लालढांग, थाना श्यामपुर के रूप में हुई है।
आरोपियों के पास से 50 हजार रुपये के नकली नोट, लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन और अन्य सामान बरामद किया गया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी इससे पहले बिजनौर क्षेत्र में करीब 60 हजार रुपये के नकली नोट बाजार में चला चुके हैं।
पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नकली नोटों के नेटवर्क की जांच में जुट गई है।
