अजय अनेजा 👉 संपादक 👉 उत्तराखंड जागरण 👉हरिद्वार न्यूज़- शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार का एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस मॉडर्न स्कूल के नवीनीकरण के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी और एक ब्लॉक रिसोर्स पर्सन (बीआरसी) को विजिलेंस टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार स्थित पुलिस मॉडर्न स्कूल की मान्यता का नवीनीकरण किया जाना था। आरोप है कि इस नवीनीकरण की एवज में खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर द्वारा 20 हजार रुपये की मांग की जा रही थी। बताया जा रहा है कि इस सौदे को उनका करीबी ब्लॉक रिसोर्स पर्सन मुकेश कुमार कर रहा था।पुलिस मॉडर्न स्कूल की प्रिंसिपल ने रिश्वत की मांग से संबंधित शिकायत उच्च अधिकारियों से की, जिसके बाद विजिलेंस विभाग सक्रिय हो गया। गुरुवार को देहरादून विजिलेंस की एक टीम ने हरिद्वार पहुंचकर जाल बिछाया और खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर तथा ब्लॉक रिसोर्स पर्सन मुकेश कुमार को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बीआरसी मुकेश कुमार श्यामपुर स्थित एक सरकारी स्कूल में प्रधानाध्यापक के पद पर भी तैनात है। विजिलेंस टीम दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई के लिए देहरादून ले गई है।
बताया जा रहा है कि आरोपी खंड शिक्षा अधिकारी बृजपाल सिंह राठौर की पत्नी रीना राठौर पुलिस उपाधीक्षक हैं और वर्तमान में देहरादून में पुलिस क्षेत्राधिकारी के रूप में तैनात हैं। मामले के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग के साथ-साथ प्रशासनिक महकमे में भी चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। विजिलेंस द्वारा मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।







