अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
महिला से अभद्रता कर सोशल मीडिया पर दी खुलेआम धमकी, SSP डॉ. मंजूनाथ टीसी का सख्त एक्शन; आरोपी सलिक अली गिरफ्तार, कानून हाथ में लेने वालों को कड़ी चेतावनी
हल्द्वानी। टीपी नगर क्षेत्रांतर्गत नीलांचल कॉलोनी (फेज-6, डहरिया) में एक महिला से अभद्रता, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के साथ सोशल मीडिया पर धमकी भरा वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को नैनीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और साफ संदेश दिया कि महिलाओं के खिलाफ अपराध करने तथा कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 1:30 बजे एक डिलीवरी बॉय पता पूछने के लिए पीड़िता के घर पहुंचा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले सलिक अली पुत्र आफताब हुसैन ने बिना किसी कारण महिला के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी, अशोभनीय इशारे किए और विरोध करने पर लकड़ी लेकर मारने दौड़ पड़ा। आरोपी ने महिला को जान से मारने, इज्जत को नुकसान पहुंचाने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि आरोपी पहले भी कई बार उसके और उसकी बेटी के साथ अभद्रता और छेड़खानी जैसी हरकतें कर चुका है। इस बीच आरोपी का एक धमकी भरा वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ, जिसमें वह खुलेआम धमकी देता दिखाई दे रहा था।
महिला की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 238/2026 धारा 79, 351(3), 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई, जिसने आरोपी को धारा 172 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी नैनीताल का सख्त संदेश
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने जनता से अपील की है कि कोई भी व्यक्ति कानून को अपने हाथ में न ले। महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले और समाज में अशांति फैलाने वाले किसी भी शरारती तत्व को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम में चौकी प्रभारी टीपी नगर मनोज कुमार, महिला उपनिरीक्षक रेनू सिंह, कांस्टेबल हिमांशु जोशी एवं धीरेंद्र सिंह अधिकारी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और ऐसे मामलों में आगे भी जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
