अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
नैनीताल सांसद अजय भट्ट का बड़ा बयान: “जो गलत है, उसके खिलाफ होगी कार्रवाई”, हल्द्वानी स्टोन क्रेशर प्रदूषण और कब्जों पर दिया स्पष्ट संदेश | देखें इंटरव्यू
‘जनता की सरकार, जनता के द्वार’ कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने सुनीं जनसमस्याएं, उत्तराखंड जागरण के सवालों पर बोले— न्यायसंगत कार्रवाई से कोई नहीं बचेगा।
हल्द्वानी। भारतीय जनता पार्टी के ‘जनता की सरकार, जनता के द्वार’ कार्यक्रम में नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा सांसद अजय भट्ट ने आम जनता की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचे, जिनका सांसद ने गंभीरता से संज्ञान लिया।
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड जागरण के संपादक अजय अनेजा ने सांसद अजय भट्ट से लालकुआं क्षेत्र की निरस्त भूमि पर दोबारा हो रहे अतिक्रमण तथा हल्द्वानी स्टोन क्रेशर द्वारा फैलाए जा रहे प्रदूषण जैसे गंभीर जनहित के मुद्दों पर सवाल किए।
इन सवालों के जवाब में सांसद अजय भट्ट ने स्पष्ट शब्दों में कहा, “जो गलत है, वह गलत है। जो न्यायोचित होगा, वही होगा। यदि कहीं भी नियमों का उल्लंघन हो रहा है या जनता के हितों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अवश्य होगी।”
उन्होंने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी प्रकार की अनियमितता, अवैध कब्जे या पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सांसद ने भरोसा दिलाया कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाएगा और संबंधित मामलों में निष्पक्ष एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
‘जनता की सरकार, जनता के द्वार’ कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट ने विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं का भी समाधान कराया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों की समस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए।
हल्द्वानी स्टोन क्रेशर से फैल रहे प्रदूषण और लालकुआं की निरस्त भूमि पर दोबारा हो रहे कब्जों को लेकर सांसद अजय भट्ट का यह स्पष्ट बयान क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि इन दोनों गंभीर मामलों में अब प्रभावी कार्रवाई देखने को मिलेगी।
▶️ देखें उत्तराखंड जागरण के संपादक अजय अनेजा के सवालों पर नैनीताल सांसद अजय भट्ट का पूरा एक्सक्लूसिव इंटरव्यू।
