अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
डीएफओ प्रकाश चंद आर्य के निर्देशन में बड़ी कार्रवाई, बाजपुर में खैर की अवैध लकड़ी से भरी दो पिकअप वाहन वन विभाग ने किए सीज
उप प्रभागीय वनाधिकारी किरण शाह की निगरानी और उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर की कार्रवाई
रामनगर/बाजपुर। तराई पश्चिमी वन प्रभाग रामनगर के प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) प्रकाश चंद आर्य के निर्देशन एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी किरण शाह के मार्गदर्शन में खैर की अवैध कटान और तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पिकअप वाहनों को सीज किया है। दोनों वाहनों से अवैध रूप से खैर की लकड़ी का परिवहन किया जा रहा था।
वन विभाग को 18 जुलाई 2026 की शाम करीब 7:20 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि पिकअप वाहन संख्या UK04CA-2905 एवं UK04CB-1367 बाजपुर की पहाड़ी कॉलोनी में खड़े हैं और उनमें खैर का अवैध प्रकाष्ठ भरा हुआ है।
सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी बन्नाखेड़ा रेंज के निर्देशन में उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच के दौरान दोनों संदिग्ध वाहनों को कब्जे में लेकर मौके पर आवश्यक फर्द तैयार की गई। इसके बाद दोनों वाहनों को विधिक कार्रवाई के लिए बन्नाखेड़ा रेंज परिसर लाया गया।
वन विभाग ने बताया कि मामले में वन अधिनियम के तहत अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन संपदा की तस्करी और अवैध कटान में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा अभियान लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई करने वाली टीम में उप वन क्षेत्राधिकारी दीवान सिंह रौतेला, वन आरक्षी दीपक नेगी, सौरभ, ज्ञान सिंह, कार्यालय सहायक युवराज सिंह, दैनिक श्रमिक विजय भट्ट तथा वाहन चालक किशन सिंह शामिल रहे।
