अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
हल्द्वानी में जमीन के सौदे पर दिनदहाड़े ‘धांय-धांय’, बेलबाबा में फायरिंग से दहशत, हिस्ट्रीशीटर समेत कई हिरासत में
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित बेलबाबा क्षेत्र में जमीन के सौदे को लेकर गुरुवार सुबह दो पक्षों के बीच हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। जमीन की कीमत को लेकर शुरू हुई कहासुनी के बाद दिनदहाड़े फायरिंग होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए, जबकि क्षेत्र में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और आला अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर समेत कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन की कीमत को लेकर विवाद हुआ था। एक पक्ष 3000 रुपये प्रति वर्ग फीट की दर से जमीन का सौदा करना चाहता था, जबकि दूसरा पक्ष 2900 रुपये प्रति वर्ग फीट से अधिक कीमत देने को तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद इतना बढ़ा कि फायरिंग हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गोलियां चलते ही इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। लोगों ने अपनी सुरक्षा के लिए दुकानों और घरों के दरवाजे बंद कर लिए। घटना के बाद पूरे बेलबाबा क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया गया ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि दोनों पक्ष फिलहाल समझौते की बात कर रहे हैं, लेकिन फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार प्रथम दृष्टया अवैध प्रतीत हो रहा है। पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि गोली किसने चलाई। मामले में संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पुलिस हिरासत में लिए गए लोगों से लगातार पूछताछ कर रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और पूरे मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना ने हल्द्वानी में कानून-व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जमीन के सौदे को लेकर खुलेआम गोलियां चलने की घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी हुई है।
हल्द्वानी में जमीन के सौदे पर दिनदहाड़े चली गोलियां, बेलबाबा में फायरिंग से दहशत;
