आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह के निर्देश पर परिवहन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ब्लैक फिल्म और हाई-डेंसिटी लाइट वाले वाहनों पर चला डंडा, 257 चालान, 22 वाहन सीज

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 रुद्रपुर 👉 रामनगर 👉 नैनीताल 👉
आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह का बड़ा एक्शन: हल्द्वानी संभाग में 257 वाहनों के चालान, 22 वाहन सीज

ब्लैक फिल्म, अनाधिकृत हाई-डेंसिटी लाइट और यातायात नियमों के उल्लंघन पर चला परिवहन विभाग का विशेष अभियान, कार्रवाई आगे भी रहेगी जारी
हल्द्वानी, 8 अगस्त।
संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह के निर्देशन में हल्द्वानी संभाग के अंतर्गत परिवहन विभाग ने शनिवार को विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान 257 वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 22 वाहनों को सीज कर दिया गया।
यह विशेष अभियान हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर और टनकपुर कार्यालयों के प्रवर्तन दलों द्वारा संयुक्त रूप से चलाया गया। सीज किए गए वाहनों में बाइक, ऑटो, जीप और मालवाहक वाहन शामिल हैं।
अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म लगे 28 वाहनों तथा अनाधिकृत हाई-डेंसिटी (तेज) लाइट लगाने वाले 26 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। मौके पर ही वाहनों से ब्लैक फिल्म और अवैध हाई-डेंसिटी लाइटें हटवाई गईं।
इसके अलावा फिटनेस, टैक्स, परमिट शर्तों के उल्लंघन, हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, बीमा सहित अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
इस अभियान में रामनगर के एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव, हल्द्वानी के परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, गोविंद और जगदीश, रुद्रपुर उपसंभाग के परिवहन कर अधिकारी मुकुल अग्रवाल, आनंद प्रकाश गुप्ता और आशुतोष डिमरी, काशीपुर उपसंभाग के एआरटीओ संदीप वर्मा तथा परिवहन कर अधिकारी अनिल, सचिन और नंदन आर्य, जबकि टनकपुर उपसंभाग के सहायक परिवहन अधिकारी मनोज बागोरिया एवं परिवहन कर अधिकारी प्रमोद चौधरी ने कार्रवाई में भाग लिया।
संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा से समझौता किसी भी कीमत पर नहीं किया जाएगा। ब्लैक फिल्म, अवैध हाई-डेंसिटी लाइट, बिना वैध दस्तावेजों के संचालन और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने वाहन स्वामियों से नियमों का पालन करने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

error: Content is protected !!