एसएसपी अजय गणपति का हथियारबाजों पर शिकंजा, 15 अगस्त की रैली में हथियार लहराने वाले दो दबोचे; रामपुर भागने से पहले गिरफ्तारी

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉
15 अगस्त की हथियारबंद रैली पर पुलिस का शिकंजा: रुद्रपुर में दो गिरफ्तार, तीन वाहन जब्त; रामपुर भागने की फिराक में थे आरोपी
रुद्रपुर। 15 अगस्त को शहर में हथियारों के साथ रैली निकालकर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से एक-एक गंडासा बरामद किया है। मौके से तीन वाहन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी रैली में शामिल अन्य युवकों के साथ मिलकर शहर में भय का माहौल बनाने के बाद रामपुर की ओर भागने की योजना में थे।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात गश्त के दौरान सूचना मिली कि 15 अगस्त की हथियारबंद रैली में शामिल कुछ युवक ब्लॉक रोड की ओर हथियार लेकर मौजूद हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी ऊधम सिंह नगर अजय गणपति के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई तेज करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने सखीवन स्टॉप सेंटर मोड़ के पास घेराबंदी कर करन साहनी (21), निवासी भूरारानी और गोविंदा गुप्ता (19), निवासी सुभाष कॉलोनी, हाल पालम ग्रीन को दबोच लिया। तलाशी लेने पर दोनों के कब्जे से एक-एक गंडासा बरामद हुआ। हथियार बरामद होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
रामपुर भागने की थी तैयारी
पुलिस के अनुसार पूछताछ और प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोनों युवक रामपुर की ओर भागने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने मौके से तीन वाहन भी बरामद किए। इनमें एक बाइक और एक स्कूटी समेत अन्य वाहन शामिल हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कुछ अन्य युवक मौके से फरार होने में कामयाब रहे, जिनकी तलाश की जा रही है।
रैली का वीडियो सामने आने के बाद हरकत में आई पुलिस
15 अगस्त के दिन रुद्रपुर शहर में हथियार लहराते हुए रैली निकालने का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। रैली में हथियारों के प्रदर्शन से शहर में दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश के आरोपों के बीच पुलिस ने संदिग्ध युवकों की पहचान और धरपकड़ शुरू की। अब दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार युवकों और रैली में इस्तेमाल हुए वाहनों के संबंध में भी जानकारी जुटा रही है।
सीओ विभव सैनी ने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपी रामपुर की ओर जाने की फिराक में थे। पुलिस ने समय रहते घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। मामले में फरार अन्य युवकों की तलाश और रैली से जुड़े तथ्यों की जांच जारी है।
पुलिस की सख्ती से मचा हड़कंप
15 अगस्त जैसे राष्ट्रीय पर्व पर हथियारों का खुलेआम प्रदर्शन कर रैली निकालने की घटना ने पुलिस-प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का रुख अपनाया है। दो आरोपियों की गिरफ्तारी और तीन वाहनों की बरामदगी के बाद अब पुलिस की नजर फरार युवकों पर है।

error: Content is protected !!