अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी का बड़ा एक्शन, जेल परिसर में वारदात की साजिश नाकाम—तीन आरोपी गिरफ्तार
हल्द्वानी। हल्द्वानी जेल परिसर के आसपास बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित साजिश को नैनीताल पुलिस ने समय रहते नाकाम कर दिया। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जान से मारने की धमकी और पीछा करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की सतर्कता और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से संभावित बड़ी घटना को समय रहते टाल दिया गया।
बाजपुर निवासी अराज सिंह सिद्धू पुत्र गुरनाम सिंह सिद्धू ने 25 अगस्त 2026 को थाना हल्द्वानी में तहरीर देकर बताया कि 24 अगस्त को वह अपने मित्र से मिलने बाजपुर से हल्द्वानी जेल आया था। इसी दौरान सौरभ बावा, गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन, मानव वाट और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति सिल्वर रंग की वरना कार संख्या UK06R-8499 से उसका पीछा करते हुए जेल परिसर के पास पहुंचे। आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत उसका पीछा कर जान से मारने की धमकी दी।
तहरीर के आधार पर थाना हल्द्वानी में मु0अ0सं0 290/2026, धारा 61(2)/351(2)(3) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के अनावरण के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर एसपी नैनीताल मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास सुरागरसी-पतारसी करते हुए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का बारीकी से विश्लेषण किया। पुलिस की सटीक कार्रवाई के चलते तीनों आरोपियों को चिन्हित कर 25 अगस्त को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. सौरभ बावा पुत्र रोशन लाल, निवासी बेरिया दौलत, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 24 वर्ष।
2. मानव वाट पुत्र सरनजीत सिंह, निवासी दोराहा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 24 वर्ष।
3. गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन पुत्र सुगदेव सिंह, निवासी बांसखेड़ी, थाना केलाखेड़ा, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 25 वर्ष।
पुलिस के अनुसार सौरभ बावा के खिलाफ थाना गदरपुर में हत्या एवं शस्त्र अधिनियम से संबंधित मामला तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी संबंधी अभियोग दर्ज हैं। गुरूचरण उत्पल उर्फ गगन के खिलाफ भी थाना गदरपुर में हत्या एवं शस्त्र अधिनियम तथा थाना बाजपुर में मारपीट, बलवा और धमकी से संबंधित अभियोग दर्ज बताए गए हैं। वहीं मानव वाट के खिलाफ थाना बाजपुर में वर्ष 2022 का हत्या संबंधी अभियोग तथा वर्ष 2026 में मारपीट, बलवा और धमकी संबंधी अभियोग दर्ज है।
इस मामले में आरोपियों के साथी जतिन्द्र सिंह पुत्र सरदार बलविन्दर सिंह, निवासी ग्राम गजरौला जोगीपुरा, थाना बाजपुर, जनपद ऊधमसिंहनगर, उम्र 32 वर्ष को 24 अगस्त को 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
पुलिस टीम में रहे शामिल
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, वरिष्ठ उपनिरीक्षक रोहताश सिंह सागर, अपर उपनिरीक्षक राम सिंह अधिकारी, उपनिरीक्षक भुवन सिंह राणा, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार, कांस्टेबल नागरिक पुलिस धीरेन्द्र अधिकारी, कांस्टेबल राहुल राणा और कांस्टेबल कुन्दन सिंह शामिल रहे।
तीनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि नैनीताल पुलिस संगीन एवं संगठित अपराधों तथा आपराधिक गैंग पर लगातार पैनी नजर रख रही है। जेल परिसर, न्यायालय एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर किसी भी आपराधिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

