त्योहार से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, हल्द्वानी से रामनगर तक ताबड़तोड़ छापेमारी—आटा, दूध, घी, मसाले और मिठाइयों के नमूने लिए

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
त्योहार से पहले खाद्य विभाग का बड़ा एक्शन, हल्द्वानी से रामनगर तक ताबड़तोड़ छापेमारी—आटा, दूध, घी, मसाले और मिठाइयों के नमूने लिए
हल्द्वानी/रामनगर। रक्षाबंधन और जन्माष्टमी पर्व से पहले मिलावटखोरी पर शिकंजा कसने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन नैनीताल ने बुधवार को हल्द्वानी ग्रामीण, कालाढूंगी और रामनगर क्षेत्र में व्यापक निरीक्षण एवं खाद्य नमूना संग्रह अभियान चलाया। जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश तथा आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के आदेशों के क्रम में विभागीय टीमों ने खाद्य प्रतिष्ठानों और उत्पादन इकाइयों की जांच की।
हल्द्वानी और कालाढूंगी क्षेत्र में सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत तथा वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी अभय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। कालाढूंगी में एडीएम नैनीताल (प्रशासन) विवेक राय भी अभियान में शामिल रहे। टीम ने M/s Mandakini Beverages, Lamachour Haldwani से उत्तराखंड जीरा पेय पदार्थ, PK Foods and Chemicals, Vijaypur, Chakaluw, Kaladhungi से कृष्णा सॉस, Nutriconcept Foods Private Limited, Village Dhamola से काजू, M/s Aashadeep Enterprises, Aanpur Lamachour Haldwani से नूडल तथा M/s Supersales Jiyarurahman, Kaladhungi Market से अरहर दाल के विधिक नमूने लिए।
इन सभी विधिक खाद्य नमूनों को जांच एवं परीक्षण के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेजा जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रयोगशाला रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
रामनगर में असलम खान के नेतृत्व में कार्रवाई
रामनगर के शिवलालपुर और चिलकिया क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। टीम ने तीन खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया, जिनमें दो खाद्य उत्पादन इकाइयां शामिल हैं। यहां से मैसर्स जगदीश आटा मिल, चिलकिया से गेहूं आटा तथा मैसर्स मित्तल इंटरप्राइजेज, शिवलालपुर से गरम मसाला (खड़ा) का विधिक नमूना लिया गया।
निरीक्षण के दौरान एक प्रतिष्ठान मौके पर खाद्य पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सका, जिस पर उसे एक सप्ताह का समय दिया गया। वहीं मेडिकल फिटनेस, पेस्ट कंट्रोल और खाद्य टेस्ट रिपोर्ट जैसे आवश्यक अनुपालन दस्तावेज नहीं मिलने पर ऑनलाइन दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित समय में अनुपालन नहीं होने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
हल्द्वानी ग्रामीण में नन्दकिशोर की टीम ने लिए नमूने
हल्द्वानी ग्रामीण क्षेत्र में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी नन्दकिशोर ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने M/s Shivani General Store, Panchayat Ghar Haldwani से वनस्पति तथा Blink Commerce Pvt. Ltd., Devalchaur Haldwani से दूध और घी के नमूने संकलित किए। इसके अलावा खोया, बर्फी, चाशनी, मोतीचूर और रसगुल्ला के सर्वे नमूने भी लिए गए हैं, जिन्हें खाद्य विश्लेषण के लिए भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त/अभिहित अधिकारी अजब सिंह रावत ने कहा कि त्योहारी सीजन में मिलावटखोरी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अजब सिंह रावत ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन अथवा खाद्य पदार्थों में मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आमजन से अपील की है कि त्योहारों पर मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता, स्वच्छता, पैकेजिंग और लेबलिंग का विशेष ध्यान रखें तथा मिलावट या अनियमितता की जानकारी तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।
अभियान में अजब सिंह रावत, विवेक राय, अभय कुमार सिंह, असलम खान और नन्दकिशोर की टीमों ने अलग-अलग क्षेत्रों में कार्रवाई को अंजाम दिया।

error: Content is protected !!