अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 गदरपुर 👉 उधम सिंहनगर 👉 एसएसपी अजय गणपति की सख्त कार्रवाई: गोकशी का फरार आरोपी मोइन कुरैशी पुलिस मुठभेड़ में दबोचा, फायरिंग के बाद 17 किलो गौमांस व अवैध तमंचा बरामद
रुद्रपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में एसओजी और गदरपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गोकशी के मामले में फरार चल रहे आरोपी मोइन कुरैशी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर गदरपुर क्षेत्र में गोकशी करने और पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप था।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस पार्टी पर तीन राउंड फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चार राउंड फायर किए, जिसके बाद आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोइन पुत्र यामीन कुरैशी, निवासी चक्कर की मिलक, जनपद मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, लगभग 17 किलो गौमांस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि मोइन कुरैशी को इससे पहले भी हल्द्वानी में गोकशी के मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह करीब एक माह पहले ही हल्द्वानी जेल से रिहा हुआ था और बाहर आते ही फिर से अपराध की दुनिया में सक्रिय हो गया।
एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया है कि जनपद में गोकशी, अवैध हथियारों और संगठित अपराध में लिप्त अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी।
