अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 हल्दुचौड़ं 👉
चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी के नेतृत्व में हल्दूचौड़ में सत्यापन अभियान, 10 मकान मालिकों पर कार्रवाई
हल्दूचौड़। थाना लालकुआं की चौकी हल्दूचौड़ पुलिस ने गुरुवार, 20 अगस्त को क्षेत्र में बाहरी लोगों, दुकानदारों और किरायेदारों के सत्यापन को लेकर अभियान चलाया। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर लोगों के दस्तावेज और सत्यापन की स्थिति की जांच की।

चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कई मकान मालिकों द्वारा अपने किरायेदारों का उत्तराखंड पुलिस एक्ट के तहत सत्यापन नहीं कराया जाना पाया गया। पुलिस ने ऐसे मामलों में सख्ती बरतते हुए धारा 83 उत्तराखंड पुलिस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 10 मकान मालिकों के चालान किए गए।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराने पर संबंधित मकान मालिकों के खिलाफ 1,000 से 10,000 रुपये तक के चालान की कार्रवाई की जा सकती है। इसके अलावा पुलिस टीम ने क्षेत्र में संदिग्ध पाए गए लोगों के खिलाफ धारा 81 उत्तराखंड पुलिस एक्ट के तहत भी कार्रवाई की।
पुलिस ने मकान मालिकों को सख्त हिदायत दी कि वे अपने यहां रहने वाले प्रत्येक किरायेदार और घरेलू नौकर का नियमानुसार पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। पुलिस का कहना है कि बाहरी लोगों और किरायेदारों का सत्यापन कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बेहद जरूरी है।
चौकी प्रभारी अर्जुन गिरी ने बताया कि क्षेत्र में सत्यापन अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने मकान मालिकों से अपील की कि किरायेदार रखने से पहले उनका आवश्यक सत्यापन कराएं और पुलिस को सही जानकारी उपलब्ध कराएं।
अभियान में कांस्टेबल गुरमेज समेत चौकी हल्दूचौड़ की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद बिना सत्यापन किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों में हड़कंप की स्थिति बनी रही।

