अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
काठगोदाम में STF-पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 1.155 किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद
काठगोदाम। जनपद नैनीताल में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत काठगोदाम पुलिस और STF कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 1.155 किलोग्राम अवैध चरस बरामद करने के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 को भी कब्जे में लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही है। इसी क्रम में 15 सितंबर 2026 को प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में काठगोदाम पुलिस एवं STF कुमाऊं रेंज की संयुक्त टीम ने वाइल्डलाइफ ट्रांजिट रेस्क्यू सेंटर, काठगोदाम के पास चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने दो संदिग्धों को मादक पदार्थ चरस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार मनोज चंद्र पुत्र भवानी दत्त भट्ट, निवासी बामन चापड़, तहसील पाटी, जनपद चंपावत, उम्र 29 वर्ष, के कब्जे से 609 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई।
वहीं दूसरे आरोपी संजय चंद्र पुत्र जगदीश चंद्र, निवासी अनरिया, तहसील पाटी, जनपद चंपावत, उम्र 30 वर्ष, के कब्जे से 546 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। दोनों के कब्जे से बरामद चरस का कुल वजन 1.155 किलोग्राम बताया गया है।
पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी संख्या UK04 TB 8402 को भी बरामद कर कब्जे में लिया है। मामले में कोतवाली काठगोदाम में मु0अ0सं0 116/26, धारा 08/20/60 NDPS Act के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम
संयुक्त कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली काठगोदाम, व0उ0नि0 धर्मेंद्र कुमार कोतवाली काठगोदाम, हे0का0 प्रताप गड़िया कोतवाली काठगोदाम, उ0नि0 चंदन सिंह बिष्ट, STF कुमाऊं रेंज, उ0नि0 प्रकाश भगत, STF तथा हे0का0 मोहित वर्मा, STF शामिल रहे।
नैनीताल पुलिस के अनुसार, जनपद में नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

