अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
लालकुआं रेलवे स्टेशन पर स्वच्छ भारत अभियान 2026 का शुभारंभ, कूड़ा अलग-अलग करने को लेकर यात्रियों व रेलवे कॉलोनी में जागरूकता
लालकुआं। स्वच्छ भारत अभियान 2026 के शुभारंभ के अवसर पर लालकुआं रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता एवं कूड़ा पृथक्करण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों, रेलवे कर्मचारियों और सफाई कर्मचारियों को गीला एवं सूखा कूड़ा अलग-अलग डस्टबिन में डालने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही स्वच्छता बनाए रखने और कूड़े का उचित निस्तारण करने की शपथ दिलाई गई।
अभियान की शुरुआत मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक ब्रजलाल मीना एवं स्टेशन प्रबंधक पुष्कर सिंह राणा की मौजूदगी में की गई। इस दौरान नवीन कुमार, जूनियर इंजीनियर, जीआरपी निरीक्षण टीम, रेलवे पुलिस बल के स्टाफ, रेलवे कर्मचारी, ठेका सफाई कर्मचारी तथा यात्रियों ने सहभागिता की।
रेलवे स्टेशन परिसर में आयोजित कार्यक्रम में स्वच्छता के महत्व के साथ-साथ कूड़े को निर्धारित डस्टबिन में डालने और गीले-सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की जानकारी दी गई। यात्रियों से अपील की गई कि वे स्टेशन परिसर में कूड़ा इधर-उधर न फेंकें और स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।
इसके साथ ही रेलवे कॉलोनी में भी स्वच्छ भारत अभियान के तहत जागरूकता अभियान चलाया गया। कॉलोनी में रहने वाले रेल कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को घरों से निकलने वाले कूड़े को अलग-अलग रखने तथा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया गया।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल अभियान तक सीमित न रहकर दैनिक जीवन का हिस्सा बने, इसके लिए सामूहिक सहभागिता जरूरी है। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छ परिसर, स्वच्छ कॉलोनी और बेहतर पर्यावरण के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर रेलवे प्रशासन, जीआरपी, रेलवे पुलिस बल, सफाई कर्मचारियों एवं यात्रियों की सहभागिता से स्वच्छ भारत अभियान 2026 की शुरुआत की गई।

