अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
श्यामखेत स्कूल में शिक्षक पर शराब पीकर अभद्रता का आरोप
स्कूल में शराब के नशे में शिक्षक! बच्चों से अभद्रता-मारपीट के आरोप, अभिभावकों में आक्रोश
भवाली। नगर पालिका क्षेत्र के श्यामखेत स्थित जूनियर हाईस्कूल में तैनात एक शिक्षक पर शराब के नशे में विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ अभद्रता और मारपीट करने का आरोप लगा है। बृहस्पतिवार को शिक्षक के शराब पीकर विद्यालय पहुंचने की सूचना मिलने पर अभिभावक भी स्कूल पहुंच गए। मामले की सूचना शिक्षा विभाग के साथ ही पुलिस को दी गई।
अभिभावकों की सूचना पर भवाली पुलिस मौके पर पहुंची। विद्यार्थियों ने पुलिस को बताया कि शिक्षक शराब के नशे में थे और उनके साथ अभद्रता तथा मारपीट की गई। घटना के बाद स्कूली बच्चों में डर का माहौल होने की बात सामने आई है। अभिभावकों ने मामले को गंभीर बताते हुए शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
बताया गया कि विद्यालय में शिक्षक के व्यवहार को लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों में नाराजगी है। अभिभावकों ने शिक्षा विभाग को शिक्षक के शराब पीकर विद्यालय आने और बच्चों के साथ कथित तौर पर अभद्रता करने की जानकारी दी। मामले की सूचना मिलने के बाद शिक्षा विभाग ने भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जिला प्रारंभिक शिक्षाधिकारी पुष्कर लाल टम्टा ने बताया कि अभिभावकों की ओर से शिक्षक के शराब पीकर विद्यालय आने तथा विद्यार्थियों के साथ अभद्रता करने के आरोप लगाए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षक को खंड शिक्षाधिकारी कार्यालय में अटैच कर दिया गया है।
डीईओ ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और आरोपों की पुष्टि के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इधर, विद्यालय में शिक्षक पर लगे आरोपों के बाद अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि विद्यालय बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा का स्थान है, ऐसे में किसी शिक्षक के नशे की हालत में विद्यालय पहुंचने और विद्यार्थियों के साथ कथित दुर्व्यवहार के आरोपों की निष्पक्ष जांच जरूरी है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ और आरोप कितने सही हैं।

