हल्द्वानी में बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने वाले चार युवक गिरफ्तार, पुलिस ने दोनों बाइक की सीज

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 हल्द्वानी में बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराने वाले चार युवक गिरफ्तार, पुलिस ने दोनों बाइक की सीज
हल्द्वानी। दो नहरिया रोड पर सरेआम हुड़दंग कर हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों और आमजन को भयभीत करने वाले चार युवकों को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डा. मंजुनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए पुलिस को आरोपितों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार 14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड पर दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सरेआम हुड़दंग करते और हाथों में बेल्ट लहराते दिखाई दिए थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से युवकों की पहचान की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सीतेश आर्य, गोपाल आर्य, कुणाल बिष्ट और विशाल कुमार, सभी निवासी दमुवाढूंगा, को गिरफ्तार किया। जांच में दो नाबालिगों के भी शामिल होने की बात सामने आई। दोनों को संरक्षण में लेकर समझाइश और परामर्श के बाद उनके स्वजन के सुपुर्द किया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक सीतेश आर्य शराब के नशे में मिला। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य युवकों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दोनों मोटरसाइकिलें सीज
पुलिस ने मौके से दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना मोटरसाइकिल है, जिसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल संख्या यूके04एएस-4102 है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता, हेड कांस्टेबल इसरार, कांस्टेबल दिनेश नगरकोटी, जगदीश और अजहर शामिल रहे।
अराजकता करने वालों को नहीं बख्शेंगे
एसएसपी डा. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, गुंडागर्दी करने, राहगीरों को भयभीत करने या कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित ऐसे वीडियो, जिनसे सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, उनका पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी।

error: Content is protected !!