कुमाऊं यहां दुकान की छत काटकर चोरी, नकदी और हजारों का सामान ले गए चोर

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
दुकान की छत काटकर चोरी, नकदी और हजारों का सामान ले गए चोर
सीसीटीवी के तार काटकर डीवीआर भी ले गए बदमाश, टीपी नगर चौकी क्षेत्र में लगातार दूसरी बड़ी वारदात
हल्द्वानी। रामपुर रोड स्थित देवलचौड़ क्षेत्र में चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त को चुनौती देते हुए एक दुकान की छत काटकर चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दे दिया। बदमाश दुकान के गल्ले में रखी 22 हजार रुपये की नकदी और करीब 45 हजार रुपये कीमत का सामान चोरी कर ले गए। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। घटना के बाद व्यापारियों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
देवलचौड़ निवासी दिनेश कपूर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रामपुर रोड पर उनकी कपूर इंटरप्राइजेज नाम से सेनेटरी और हार्डवेयर की दुकान है। वह 11 अगस्त की रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह जब वह दुकान खोलने पहुंचे तो मेन गेट के ऊपर छत की टिन/लोहे की चादर कटी हुई मिली। दुकान के अंदर जाकर जांच करने पर चोरी की वारदात का पता चला।
पीड़ित के मुताबिक चोर छत काटकर दुकान के अंदर दाखिल हुए और गल्ला तोड़कर उसमें रखे 22 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा दुकान से करीब 45 हजार रुपये कीमत का सामान भी चोरी कर लिया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद चोरों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों के तार काट दिए और फुटेज रिकॉर्ड करने वाला डीवीआर भी अपने साथ ले गए, जिससे उनकी पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के संदिग्धों और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे लोगों की जानकारी भी जुटा रही है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त निर्देश दिए गए हैं। सभी थाना और कोतवाली प्रभारियों को रात के समय गश्त बढ़ाने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रात्रि गश्त में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
टीपी नगर चौकी क्षेत्र में लगातार दूसरी बड़ी वारदात
टीपी नगर चौकी क्षेत्र में चोरी की यह लगातार दूसरी बड़ी वारदात सामने आई है। इससे पहले 8 अगस्त को भी क्षेत्र के एक मकान में चोरों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के उपकरण और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया था। चोरों ने मकान के वॉशरूम की फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर प्रवेश किया और करीब आठ लाख रुपये कीमत के उपकरण, नल की टोंटियां और बिजली के स्विच बोर्ड तक उखाड़ ले गए थे।
हालांकि इस घटना में स्थानीय लोगों की सतर्कता से पुलिस को सफलता मिली थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक नाबालिग समेत चार आरोपियों को दबोच लिया था। अब देवलचौड़ में दुकान की छत काटकर हुई चोरी ने एक बार फिर टीपी नगर चौकी क्षेत्र में रात्रि सुरक्षा और गश्त व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
व्यापारियों का कहना है कि रात के समय पुलिस गश्त बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि सुनसान क्षेत्रों में चोरों की गतिविधियों पर लगाम लग सके। फिलहाल पुलिस चोरी की इस वारदात का जल्द खुलासा करने के प्रयास में जुटी है।

error: Content is protected !!