अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे चौकीदार को कुचला, दर्दनाक मौत से मचा कोहराम
लालकुआं। गोरापड़ाव से हल्दूचौड़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। शनिवार को बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप सड़क पार कर रहे 55 वर्षीय व्यक्ति को लालकुआं से हल्द्वानी की ओर जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति सड़क पर अचेत होकर गिर पड़ा। पुलिस ने 108 एंबुलेंस की मदद से उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान नेपाल निवासी किशन चौधरी (55) के रूप में हुई है। वह लंबे समय से मोटाहल्दू स्थित विनोद स्टोन क्रेशर में चौकीदार के पद पर कार्यरत था और वर्तमान में अपने बेटे के साथ वहीं रह रहा था।
बताया गया कि शनिवार को किशन चौधरी बेरीपड़ाव स्थित अष्टादश भुजा महालक्ष्मी मंदिर के समीप हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं की ओर से हल्द्वानी की तरफ जा रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि किशन गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही अचेत हो गया।
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और प्रत्यक्षदर्शियों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही कोतवाली लालकुआं पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को 108 एंबुलेंस के जरिए डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय हल्द्वानी भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
किशन चौधरी की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, लगातार हो रहे सड़क हादसों से गोरापड़ाव से हल्दूचौड़ के बीच हाईवे पर सफर करने वाले लोगों में दहशत बढ़ रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और कई लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाने से लोगों में रोष है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ब्रजमोहन सिंह राणा ने बताया कि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन की पहचान होने के बाद चालक के खिलाफ अभियोग पंजीकृत कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

