आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह का सख्त अभियान: हल्द्वानी संभाग में तीन दिन में 967 वाहनों के चालान, 113 वाहन सीज

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉
आरटीओ डॉ. गुरदेव सिंह का सख्त अभियान: हल्द्वानी संभाग में तीन दिन में 967 वाहनों के चालान, 113 वाहन सीज
हल्द्वानी। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) डॉ. गुरदेव सिंह के निर्देश पर हल्द्वानी संभाग में 4 से 6 अगस्त 2026 तक ब्लैक फिल्म, मॉडिफाइड और अनाधिकृत लाइट लगाकर संचालित वाहनों के खिलाफ विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। तीन दिनों तक चले इस व्यापक अभियान में परिवहन विभाग की टीमों ने कुल 967 वाहनों के चालान किए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर 113 वाहनों को सीज किया गया

 

डॉ. गुरदेव सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाना है। उन्होंने कहा कि वाहन चालक नियमों का पालन करें, क्योंकि नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान ब्लैक फिल्म लगे 111 वाहनों, अनाधिकृत एवं मॉडिफाइड लाइट लगाने वाले 163 वाहनों, अल्टरेशन करने वाले 20 वाहनों तथा हूटर का अवैध प्रयोग करने वाले 4 वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।
इसके अलावा परिवहन विभाग ने अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी बड़ी कार्रवाई की। फिटनेस प्रमाण पत्र प्रस्तुत न करने पर 65, परमिट संबंधी उल्लंघन में 40, बीमा न होने पर 88, प्रदूषण प्रमाण पत्र न होने पर 69, ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित मामलों में 132, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने पर 47, बिना हेलमेट वाहन चलाने पर 286, यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग पर 28, भारवाहनों में ओवरलोडिंग पर 49 तथा अन्य विभिन्न अभियोगों में 512 वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई की गई।
यह विशेष चेकिंग अभियान हल्द्वानी संभाग के अंतर्गत हल्द्वानी, रामनगर, रुद्रपुर, काशीपुर और टनकपुर उपसंभागों में एक साथ चलाया गया। अभियान में हल्द्वानी में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार, जगदीश चंद्र और गोविंद, रामनगर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) पंकज श्रीवास्तव, काशीपुर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) संदीप वर्मा तथा परिवहन कर अधिकारी नंदन आर्य, सचिन कुमार और अनिल कुमार, रुद्रपुर में परिवहन कर अधिकारी मुकुल अग्रवाल, सुनेजा, तारकेंद्र वैष्णव और आशुतोष डिमरी, जबकि टनकपुर में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मनोज बागोरिया एवं परिवहन कर अधिकारी प्रमोद चौधरी ने अभियान का संचालन किया।
संभागीय परिवहन अधिकारी डॉ. गुरदेव सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। वाहन स्वामी अपने वाहनों में ब्लैक फिल्म, अनधिकृत लाइट, हूटर अथवा अन्य अवैध मॉडिफिकेशन न करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज हमेशा साथ रखें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी लगातार विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!