अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉
लालकुआं में 65 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार
लालकुआं में 65 लाख की स्मैक के साथ दो गिरफ्तार, ट्रक ड्राइवर और दर्जी पकड़े गए
लालकुआं। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नैनीताल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लालकुआं पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सुभाष नगर बैरियर के पास चेकिंग के दौरान एक अल्टो कार से 218.04 ग्राम स्मैक बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 65.40 लाख रुपये है।
मुख्यमंत्री के “मिशन ड्रग फ्री देवभूमि” और ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले में नशे के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चन्द्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी हरबन्स सिंह और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन राणा और एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग शुरू की।
6 अक्टूबर 2026 को सुभाष नगर बैरियर के पास चेकिंग के दौरान अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने कार सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से कुल 218.04 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की। इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नदीम खान उर्फ गण्ठा पुत्र शकील खान, निवासी वार्ड नंबर-18, इंद्रानगर पुलिया के पास, सिरौलीकलां, थाना पुलभट्टा, ऊधमसिंहनगर, मूल निवासी धोबी तालाब शेखुपुरा, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, उम्र 36 वर्ष तथा मो. शफीक उर्फ शफी पुत्र मो. बल्ली, निवासी मोहल्ला मोहम्मदपुर, थाना बहेड़ी, जिला बरेली, उम्र 51 वर्ष के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने स्मैक बहेड़ी से खरीदकर लाने की बात बताई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। मामले में बहेड़ी से मादक पदार्थ उपलब्ध कराने वाले संभावित स्रोत की भी जांच की जाएगी। आरोपियों के पूर्व आपराधिक इतिहास की जानकारी भी पुलिस द्वारा जुटाई जा रही है।
इस मामले में कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 56/26 के तहत धारा 8/21/60/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। बरामदगी में 218.04 ग्राम स्मैक के साथ अल्टो कार संख्या UP24-H-4787 को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार नदीम खान ट्रक ड्राइवर है, जबकि मो. शफीक बनभूलपुरा क्षेत्र में दर्जी का कार्य करता है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों आरोपी मादक पदार्थ की तस्करी में कब से जुड़े हैं और इनके संपर्क में कौन-कौन लोग हैं।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक वंदना चौहान, हेड कांस्टेबल आनंदपुरी, कांस्टेबल दिलीप कुमार, एसओजी के हेड कांस्टेबल कुंदन कठायत, कांस्टेबल भूपेंद्र जेष्ठा और कांस्टेबल भानू प्रताप शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस टीम की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए टीम को 2,000 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस का कहना है कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

