कैंची धाम में ओवररेटिंग का खेल पकड़ा, 26 होटल-होम स्टे पर कार्रवाई; दो सील, 22 पर 10-10 हजार जुर्माना

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉

कैंची धाम में होटल-होम स्टे पर प्रशासन का शिकंजा

कैंची धाम में ओवररेटिंग का खेल पकड़ा, 26 होटल-होम स्टे पर कार्रवाई; दो सील, 22 पर 10-10 हजार जुर्माना

नैनीताल। कैंची धाम में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ का फायदा उठाकर नियमों की अनदेखी करने वाले होटल और होम स्टे संचालकों पर प्रशासन ने शिकंजा कस दिया है। ओवर-रेटिंग और अन्य अनियमितताओं की शिकायतों के बाद पर्यटन विभाग की टीम ने क्षेत्र में व्यापक जांच की। जांच के दौरान 26 होटल व होम स्टे कार्रवाई की जद में आए। इनमें 22 इकाइयों पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया, दो होम स्टे को बंद कर सील करने के निर्देश दिए गए, जबकि चार संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति चंद्र आर्या के नेतृत्व में गठित टीम बुधवार को कैंची धाम क्षेत्र पहुंची। टीम ने होटल, होम स्टे और अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों की व्यवस्थाओं और दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में निर्धारित रेट लिस्ट प्रदर्शित नहीं मिली। वहीं कुछ संचालक पंजीकृत कमरों की संख्या से अधिक कमरे संचालित करते पाए गए। इसके अलावा कुछ इकाइयां बिना पंजीकरण के ही संचालित होती मिलीं।

प्रशासन की जांच में सामने आई इन अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। 22 इकाइयों पर 10 हजार रुपये प्रति इकाई का जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना पंजीकरण संचालन और गंभीर अनियमितताओं के मामले में दो होम स्टे का संचालन तत्काल प्रभाव से बंद करने के निर्देश दिए गए।

दो होम स्टे पर कार्रवाई, चार को नोटिस

जांच के दौरान हर्षित तिवारी होम स्टे और मारुति होम स्टे में गंभीर अनियमितताएं और बिना पंजीकरण संचालन पाए जाने पर इनके संचालन को तत्काल बंद करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा हेमंत कुमार मेहता, कांसा माउंटेन, गिरी राज किशोर गुप्ता और विवेक कुमार शर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। संबंधित संचालकों से निर्धारित समय के भीतर जवाब मांगा गया है।

इन प्रतिष्ठानों पर लगा 10-10 हजार रुपये का जुर्माना

कार्रवाई की जद में आए प्रतिष्ठानों में चिराग होम स्टे, त्रिशुल होम स्टे, कृष्णा होम स्टे, मंजू पांडे पत्नी त्रिलोक चंद्र पांडे होम स्टे, रेखा बिष्ट, त्रिलोकी होम स्टे, माधवी होम स्टे, निर्मल रिजॉर्ट एवं कॉटेज, मां भगवती होम स्टे, रक्षिता होम स्टे, दीप्ति होम स्टे, कुंदन नेगी होम स्टे, शरद तिवारी होम स्टे, ऊर्बा दत्त तिवारी होम स्टे, होटल ट्रिनिटी, बाबा बेंसन रिजॉर्ट, होल मोनाल, सिद्धि गेस्ट हाउस, होटल ग्रीन वैली और होटल मोहन स्टे समेत अन्य इकाइयां शामिल हैं।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद कैंची धाम क्षेत्र में होटल और होम स्टे संचालकों में हड़कंप की स्थिति है। पर्यटन विभाग ने स्पष्ट किया है कि श्रद्धालुओं और पर्यटकों से निर्धारित दरों से अधिक वसूली, बिना पंजीकरण संचालन अथवा निर्धारित नियमों की अनदेखी पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।