बिंदुखत्ता में पंचायत चुनाव की मांग तेज, राजस्व ग्राम न बनने पर 30-40 हजार मतदाताओं ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 लालकुआं 👉 बिन्दुखत्ता 👉

बिंदुखत्ता में पंचायत चुनाव की मांग तेज, राजस्व ग्राम न बनने पर 30-40 हजार मतदाताओं ने दी चुनाव बहिष्कार की चेतावनी

बिंदुखत्ता में पंचायत चुनाव की मांग तेज

बिंदुखत्ता। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड शासन मस्तू दास के बिंदुखत्ता दौरे के दौरान ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव में मतदान का अधिकार दिलाने और क्षेत्र को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। मस्तू दास एसआईआर से संबंधित जांच के सिलसिले में बिंदुखत्ता पहुंचे थे। इंदिरा नगर पहुंचने पर पूर्व सैनिक रमेश जोशी के नेतृत्व में स्थानीय नागरिकों एवं पूर्व सैनिकों ने निर्वाचन अधिकारी, देहरादून के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया। इस दौरान सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडेय और तहसीलदार लालकुआं ईश्वर सिंह भीमा मौजूद रहे।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में कहा कि बिंदुखत्ता क्षेत्र के 32 ग्राम राजस्व ग्राम नहीं होने के कारण यहां के लोग लोकसभा और विधानसभा चुनाव में मतदान करते हैं, लेकिन पंचायत चुनाव में प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य (BDC) और जिला पंचायत के चुनाव में मतदान के अधिकार से वंचित हैं। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित करने की मांग उठाई जा रही है।

ग्रामीणों ने कहा कि वन अधिकार अधिनियम के तहत राजस्व ग्राम बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद अभी तक अधिसूचना जारी नहीं हुई है। इसके चलते क्षेत्र के लोगों को सरकारी योजनाओं और पंचायत स्तर की व्यवस्थाओं का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। राजस्व ग्राम की मांग को लेकर 15 अगस्त से क्षेत्र में पदयात्रा भी जारी है।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने से पहले बिंदुखत्ता को राजस्व ग्राम घोषित नहीं किया गया तो क्षेत्र के 30 से 40 हजार मतदाता चुनाव बहिष्कार का निर्णय ले सकते हैं। ग्रामीणों ने शासन से मांग की कि बिंदुखत्ता को जल्द राजस्व ग्राम घोषित कर यहां के निवासियों को पंचायत चुनाव में मतदान समेत लोकतांत्रिक अधिकार प्रदान किए जाएं।

ग्रामीणों ने बताया कि इसी मांग को लेकर 27 सितंबर को लालकुआं तहसील में विशाल धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित है। ज्ञापन सौंपने वालों में पूर्व सैनिक रमेश जोशी, विक्रम धामी, राजेश भट्ट, गणेश पांडे, दयाकिशन जोशी, रमेश भट्ट सहित कई ग्रामीण शामिल रहे।