अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
धामी का बुलडोजर फिर गरजा! सरकारी जमीन पर बनी अवैध मजार जमींदोज, अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत देहरादून जिले में एक और बड़ी कार्रवाई की गई। विकासनगर तहसील के शीशमबाड़ा क्षेत्र में प्रशासन का बुलडोजर गरजा और सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्मित मजार समेत अन्य अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया गया।
राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया। अधिकारियों के अनुसार संबंधित भूमि सरकारी अभिलेखों में दर्ज है, जिस पर अवैध रूप से कब्जा कर निर्माण किया गया था। जांच और नोटिस की पूरी प्रक्रिया के बाद बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण को हटाया गया।
नोटिस के बाद हुई कार्रवाई
प्रशासन ने बताया कि अवैध निर्माण करने वालों को पहले ही नोटिस जारी किए गए थे। निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई।
धामी सरकार का साफ संदेश
सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ धामी सरकार का रुख लगातार सख्त होता जा रहा है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद में चिन्हित अन्य अतिक्रमण स्थलों पर भी चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई जारी रहेगी।
सरकारी जमीन पर कब्जा बर्दाश्त नहीं
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कहा कि सरकारी भूमि जनता की संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और सतत निगरानी के निर्देश देते हुए कहा कि नए अतिक्रमण को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि सरकारी भूमि पर हो रहे अवैध कब्जों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
“सरकारी जमीन पर कब्जा किया तो बुलडोजर तय” — धामी सरकार की सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में मचा हड़कंप
