अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर उत्तराखंड पुलिस का बड़ा प्रहार, सूडान के दो नागरिक समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
देहरादून में हाई-प्रोफाइल पार्टियों में खपाई जानी थी 20 लाख की कोकीन, कथित कोबरा गैंग का नेटवर्क बेनकाब
देहरादून। उत्तराखंड पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए राजधानी देहरादून में सक्रिय एक अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कथित कोबरा गैंग से जुड़े सूडान के दो नागरिकों समेत तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 20.92 ग्राम कोकीन बरामद की है। बरामद कोकीन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 20 लाख रुपये आंकी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में बताया कि राजपुर थाना क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि कोबरा गैंग से जुड़े ड्रग पैडलर देहरादून पहुंचे हुए हैं और शहर की हाई-प्रोफाइल पार्टियों में कोकीन की सप्लाई करने की तैयारी कर रहे हैं।
दो अलग-अलग स्थानों से हुई गिरफ्तारी
सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी कर कार्रवाई की। जोहड़ी रोड स्थित पुरानी मजार के पास स्कूटी सवार दो विदेशी नागरिकों को रोककर तलाशी ली गई, जिनके कब्जे से 9.15 ग्राम कोकीन बरामद हुई।
वहीं, सीआईएसएफ तिराहा ओल्ड मसूरी रोड क्षेत्र में एक स्विफ्ट डिजायर कार की जांच के दौरान एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 11.77 ग्राम कोकीन बरामद हुई। दोनों कार्रवाइयों में कुल 20.92 ग्राम कोकीन जब्त की गई।
सूडान के नागरिक निकले कथित कोबरा गैंग के सदस्य
गिरफ्तार विदेशी नागरिकों की पहचान माइकेल इक्का मेकसन और लेविकिरी वानिकी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सूडान के निवासी हैं। तीसरे आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी जावेद आलम (37 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों विदेशी नागरिक कथित रूप से कोबरा गैंग के सक्रिय सदस्य हैं और भारत तथा सूडान के बीच लगातार आवाजाही करते रहे हैं। वहीं जावेद आलम स्थानीय स्तर पर नेटवर्क के संचालन और सप्लाई चैन को संभाल रहा था।
दिल्ली से लाई गई थी कोकीन की खेप
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली में फ्रांजी नामक व्यक्ति से कोकीन प्राप्त करते थे और मांग के अनुसार विभिन्न राज्यों में अपने एजेंटों एवं पैडलरों के माध्यम से इसकी आपूर्ति करते थे। कुछ दिन पहले ही वे दिल्ली से कोकीन लेकर देहरादून पहुंचे थे।
पुलिस के अनुसार आरोपियों की योजना राजपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों और चुनिंदा ग्राहकों तक इस नशीले पदार्थ की सप्लाई करने की थी।
जांच के दायरे में कई और चेहरे
पूछताछ में जावेद आलम ने बताया कि वह दिल्ली में जॉन नामक व्यक्ति से कोकीन लेकर आया था और देहरादून में कालिंस नामक एक अन्य ड्रग पैडलर के साथ मिलकर इसकी बिक्री करने वाला था।
अब पुलिस फ्रांजी, जॉन और कालिंस समेत इस नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी की जा रही है और अंतरराज्यीय एवं अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की भी गहन जांच की जा रही है।
एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल ने कहा कि उत्तराखंड को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा और नशा तस्करों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी :अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क पर पुलिस का बड़ा प्रहार, सूडान के दो नागरिक 20 लाख की कोकीन समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
