अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 रुद्रपुर 👉 एसएसपी अजय गणपति का ‘ऑपरेशन प्रहार’ सफल: 5 शातिर वाहन चोर गिरफ्तार, 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
रुद्रपुर/खटीमा। वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती देने वाले शातिर चोरों के गिरोह पर ऊधमसिंह नगर पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। एसएसपी अजय गणपति की सटीक रणनीति, तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और पुलिस टीमों की मुस्तैदी के चलते 5 वाहन चोरों को गिरफ्तार कर 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। इस कार्रवाई से ट्रांजिट कैम्प, पंतनगर और खटीमा क्षेत्र में हुई कई वाहन चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा हुआ है।
जनपद में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में वाहन चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली ट्रांजिट कैम्प और कोतवाली खटीमा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए वाहन चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया।
ट्रांजिट कैम्प पुलिस की बड़ी सफलता
2 जून 2026 को गणेशपुर रोड स्थित एक खंडहर के पास चोरी की बाइक के साथ संदिग्धों के होने की सूचना पर पुलिस ने दबिश देकर सचिन पाल, अरुण और आशीष श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया। पूछताछ में तीनों ने कई वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की। उनकी निशानदेही पर झाड़ियों और सुनसान स्थानों में छिपाकर रखी गई 5 अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
खटीमा पुलिस ने भी दबोचे शातिर चोर
खटीमा क्षेत्र में लगातार हो रही वाहन चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने फरमान फरीदी उर्फ फुकना को चोरी की बाइक सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद उसकी निशानदेही पर कई अन्य वाहन बरामद किए गए। बाद में पवन धामी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों की निशानदेही पर 5 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं।
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले बाजारों, दुकानों, कॉलोनियों, जिम और सार्वजनिक स्थलों पर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही लॉक तोड़कर वाहन चोरी कर लेते और बाद में उन्हें झाड़ियों व सुनसान स्थानों में छिपाकर रखते थे। इसके बाद वाहनों को सस्ते दामों में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे।
11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
पुलिस ने दोनों कार्रवाइयों में कुल 11 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनमें हीरो स्प्लेंडर, हीरो पैशन प्रो, हीरो HF डीलक्स, टीवीएस स्पोर्ट और यामाहा आरएक्स जैसी बाइकें शामिल हैं।
अपराधियों पर जारी रहेगा प्रहार
एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में अपराधियों, वाहन चोरों और संगठित अपराध में शामिल तत्वों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने पुलिस टीमों की सराहना करते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
वाहन चोरों ने सोचा था कि अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वारदात कर पुलिस को भ्रमित कर देंगे, लेकिन एसएसपी अजय गणपति की रणनीति और पुलिस की सक्रियता ने उनके पूरे नेटवर्क का भंडाफोड़ कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। 🚔⚡
