बकरीद पर नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी अराजकता फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई:देखें वीडियो

ख़बर शेयर करें

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्द्वानी 👉 लालकुआं 👉 नैनीताल 👉 बकरीद पर नैनीताल पुलिस हाई अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने अधिकारियों संग की समीक्षा बैठक, सौहार्द बिगाड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
नैनीताल। आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व को जनपद में शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह हाई अलर्ट मोड पर आ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने बुधवार को जिले के सभी पुलिस अधिकारियों, थाना प्रभारियों और संबंधित शाखाओं के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया।

बैठक में कानून व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त, पार्किंग व्यवस्था और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसएसपी ने कहा कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख बाजारों, पर्यटन स्थलों, झील क्षेत्रों, घाटों, बैराजों, पार्कों और शॉपिंग मॉल्स में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही अत्याधुनिक ड्रोन कैमरों के जरिए लगातार निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।
सोशल मीडिया पर भी नैनीताल पुलिस की विशेष नजर रहेगी। 24 घंटे सक्रिय मॉनिटरिंग टीम फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर नजर रखेगी। अफवाह फैलाने, भ्रामक पोस्ट डालने या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस को लगातार मूवमेंट में रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि पर्व के दौरान जाम की स्थिति न बनने पाए। इसके अलावा सभी थाना प्रभारियों को पीएसी और केंद्रीय अर्धसैनिक बलों के साथ “एरिया डोमिनेशन” और फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए हैं।

 


धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। मंदिरों, मस्जिदों, गुरुद्वारों और चर्चों सहित संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग और “क्लीन स्वीप” अभियान चलाया जाएगा। होटल, ढाबों, धर्मशालाओं और सार्वजनिक स्थलों पर सत्यापन अभियान भी तेज किया जाएगा।
एसएसपी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि रात्रि गश्त के दौरान स्वयं क्षेत्र में मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करें। पूरे जनपद में पुलिस बल को “कमरबंदी” की स्थिति में रखा गया है ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में तत्काल तैनाती की जा सके।
बैठक में एसपी नैनीताल, एसपी हल्द्वानी, एसपी संचार, विभिन्न क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, थाना प्रभारी, अभिसूचना इकाई और अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बकरीद पर्व के लिए तैनात पुलिस बल
एसपी – 03
सीओ – 04
SHO/SO – 14
SI/ASI – 75
हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल – 254
पीएसी – 02 कंपनी
फायर टीम – 05
ड्रोन टीम – 04
SDRF टीम – 02

error: Content is protected !!