अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम: डॉ. नीतू ने कर्मचारियों से किया पर्यावरण संरक्षण और ओपीएस के समर्थन का आह्वान
पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली की मांग को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए डॉ. नीतू ने कर्मचारियों और आमजन से 12 जुलाई को “एक पौधा पुरानी पेंशन बहाली के नाम” अभियान के तहत पौधारोपण करने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों और उनके परिवारों के भविष्य की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करती है, उसी प्रकार वृक्षारोपण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य की नींव रखता है। दोनों का उद्देश्य वर्तमान के साथ-साथ भविष्य को सुरक्षित करना है।
डॉ. नीतू ने कहा कि पेड़ केवल पर्यावरण को संतुलित नहीं रखते, बल्कि जीवनदायिनी ऑक्सीजन, शुद्ध वायु और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों को सेवा निवृत्ति के बाद सम्मानजनक और सुरक्षित जीवन का भरोसा देती है।
उन्होंने सभी कर्मचारी संगठनों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा समाज के प्रत्येक वर्ग से अपील की कि 12 जुलाई को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण का भी संकल्प लें। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि सुरक्षित भविष्य, सामाजिक सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश भी है।
डॉ. नीतू ने विश्वास जताया कि बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़कर पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ पुरानी पेंशन बहाली की मांग को भी मजबूती देंगे। उन्होंने कहा कि हर लगाया गया पौधा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का प्रतीक होगा।
