अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 हल्दूचौड़ में दर्दनाक सड़क हादसा, गलत दिशा से आए छोटा हाथी ने बाइक को मारी टक्कर; युवक की मौत
चौकी इंचार्ज अर्जुन गिरी के नेतृत्व में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच, ई-साक्ष्य की कार्रवाई
हल्दूचौड़। मोतीनगर क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही हल्दूचौड़ चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक अर्जुन गिरी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस के अनुसार, स्थानीय लोगों ने बताया कि एक छोटा हाथी वाहन गलत दिशा से आ रहा था, इसी दौरान लालकुआं की ओर से आ रही मोटरसाइकिल संख्या UK04AT-6967 से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
मृतक की पहचान रहीम खान पुत्र याकूब अली, निवासी सुभाष नगर लालकुआं, नैनीताल, उम्र करीब 30 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को 1033 एंबुलेंस के माध्यम से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा।

घटना स्थल चौकी मंडी क्षेत्र से संबंधित होने के कारण हल्दूचौड़ पुलिस ने तत्काल चौकी मंडी को सूचना दी। वहीं मौके पर पुलिस द्वारा ई-साक्ष्य की कार्रवाई भी की गई। दुर्घटना से संबंधित मोटरसाइकिल को चौकी हल्दूचौड़, लालकुआं में सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
पुलिस ने घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और वाहन की भूमिका की जांच की जा रही है। फिलहाल मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था कायम है।

