अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉
हल्द्वानी बेस अस्पताल की खिड़की से कूदकर फरार हुआ दुष्कर्म का आरोपी किशोर, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
गार्द को चकमा देकर हुआ फरार, बनभूलपुरा में तलाश तेज; सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, एसपी सिटी हरबंस सिंह ने जल्द पकड़ने का किया दावा
हल्द्वानी। हल्द्वानी के सोबन सिंह जीना बेस अस्पताल में गुरुवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब बाल संप्रेक्षण गृह में निरुद्ध दुष्कर्म के आरोप में बंद एक किशोर उपचार के लिए लाए जाने के दौरान फरार हो गया। बताया जा रहा है कि किशोर शौचालय जाने के बहाने गार्द को चकमा देकर अस्पताल की खिड़की से नीचे कूद गया और मौके से भाग निकला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस प्रशासन में खलबली मच गई। फरार किशोर की तलाश में पुलिस की कई टीमें जुट गई हैं।
जानकारी के अनुसार, बनभूलपुरा कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक किशोरी से दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने करीब एक माह पहले 16 वर्षीय किशोर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जुवेनाइल कोर्ट के आदेश पर उसे बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया था। गुरुवार को तबीयत खराब होने की शिकायत पर संप्रेक्षण गृह की गार्द उसे उपचार और स्वास्थ्य जांच के लिए हल्द्वानी के बेस अस्पताल लेकर पहुंची थी।
शौचालय जाने की बात कहकर भागा किशोर
बताया जा रहा है कि गुरुवार दोपहर करीब एक बजे किशोर ने शौचालय जाने की बात कही। इसी दौरान उसने मौका पाकर अस्पताल की खिड़की से नीचे छलांग लगा दी और फरार हो गया। गार्द के कर्मचारियों को जब उसके भागने की जानकारी हुई तो तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
बनभूलपुरा क्षेत्र में पुलिस की दबिश
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, फरार किशोर को आखिरी बार बनभूलपुरा क्षेत्र में देखे जाने की बात सामने आई है। इसके बाद हल्द्वानी कोतवाली और बनभूलपुरा पुलिस की संयुक्त टीमें उसकी तलाश में जुट गई हैं। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि किशोर की आवाजाही का पता लगाया जा सके।
इसके साथ ही किशोर के परिजनों और करीबियों से भी पूछताछ की जा रही है। उसकी लोकेशन का पता लगाने के लिए सर्विलांस टीम की मदद ली जा रही है। पुलिस विभिन्न संभावित स्थानों पर उसकी तलाश कर रही है।
एसपी सिटी ने जल्द पकड़ने का किया दावा
एसपी सिटी हरबंस सिंह ने बताया कि फरार किशोर की तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई हैं। परिजनों से पूछताछ की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ सर्विलांस की मदद ली जा रही है। उन्होंने जल्द ही किशोर को पकड़ने की बात कही है।
बेस अस्पताल से किशोर के फरार होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान फरार किशोर को तलाशकर पकड़ने पर है।

