मतगणना स्थल पर विधायक तिलक राज बेहड़ से धक्का-मुक्की, हमला करने वाला आरोपी धीरज कुमार गिरफ्तार

अजय अनेजा 👉 पत्रकार संपादक उत्तराखंड जागरण 👉 मतगणना स्थल पर सियासी टकराव! बेहड़-शुक्ला समर्थक आमने-सामने, धक्का-मुक्की के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
किच्छा। नगर पालिका किच्छा और सिरौलीकलां के चुनाव के बीच मंडी परिसर स्थित चुनाव स्थल पर मंगलवार शाम उस समय तनाव बढ़ गया, जब वर्तमान विधायक तिलक राज बेहड़ और पूर्व विधायक राजेश शुक्ला अपने-अपने समर्थकों एवं प्रत्याशियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, शाम करीब 4:30 बजे दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इससे चुनाव स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए दोनों पक्षों को अलग किया और स्थिति को नियंत्रित किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने पूर्व विधायक राजेश शुक्ला और उनके समर्थकों को सिडकुल चौकी पंतनगर, जबकि विधायक तिलक राज बेहड़ और उनके समर्थकों को कोतवाली किच्छा ले गई। पुलिस की कार्रवाई के बाद मौके पर तनाव को नियंत्रित किया गया।
पुलिस के मुताबिक, चुनाव प्रक्रिया के दौरान पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति सामने आने की खबरें मिली थीं। मंगलवार को हुई घटना के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी है, ताकि मतगणना एवं स्ट्रांग रूम की सुरक्षा में किसी तरह का व्यवधान न हो।
धक्का-मुक्की के आरोप में एक गिरफ्तार
पुलिस ने विधायक के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की करने के आरोप में धीरज कुमार (40 वर्ष), निवासी आस्था कॉलोनी, लालपुर, किच्छा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
इसके अलावा पुलिस ने शांति व्यवस्था प्रभावित करने की आशंका वाले लोगों को चिन्हित करते हुए अब तक 30 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि सभी के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
स्ट्रांग रूम और मतगणना स्थल पर बढ़ाई सुरक्षा
घटना के बाद पुलिस और प्रशासन ने चुनाव स्थल की सुरक्षा बढ़ा दी है। स्ट्रांग रूम और मतगणना परिसर के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
एसएसपी ऊधम सिंह नगर ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि स्ट्रांग रूम की सुरक्षा और निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शांति भंग करने वालों के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंडी परिसर में सियासी खींचतान के बीच पुलिस की सख्ती ने फिलहाल स्थिति संभाल ली है, लेकिन दोनों पक्षों के समर्थकों के आमने-सामने आने से चुनावी माहौल में तनाव जरूर बढ़ गया है।